कटोरी नगोई PHC में लापरवाही चरम पर: रात में स्टाफ नदारद, गर्भवती महिलाओं से 5-6 हजार वसूली और “नॉर्मल डिलीवरी नहीं होगी” कहकर डराने का आरोप

लाइव भारत 36न्यूज़ से जिला सवांददाता- यशपाल सिंह
*पोड़ी-उपरोड़ा/कटोरी नगोई।* कोरबा जिले के जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा के ग्राम पंचायत कटोरी नगोई में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। 3 अक्टूबर को ग्राम सभा में ग्रामीण रघुनंदन प्रसाद श्रीवास ने सरपंच को लिखित शिकायत सौंपकर PHC के स्टाफ पर लापरवाही और अवैध वसूली का आरोप लगाया है।


*क्या है पूरा मामला?*
शिकायतकर्ता रघुनंदन प्रसाद श्रीवास ने बताया कि 30 सितंबर 2026 को रात 7:30 बजे उनके बच्चे की तबीयत बिगड़ गई। वे तुरंत उसे कटोरी नगोई के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ले गए, लेकिन वहां काफी देर तक कोई स्टाफ मौजूद नहीं था। फोन करने पर दवाई अलमारी में ताले में बंद है कहकर इलाज से मना कर दिया गया। सरकारी अस्पताल के चक्कर में बच्चे की हालत और बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें मजबूरन प्राइवेट अस्पताल में इलाज कराना पड़ा।
शिकायत में आगे बताया गया है कि यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई मरीज PHC की खराब व्यवस्था के कारण बाहर इलाज कराने को मजबूर हुए हैं, जिनमें गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि यहां पदस्थ ANM सरिता राय यादव और RMA द्वारा गर्भवती महिलाओं से 5-6 हजार रुपये की मांग की जाती है। पैसा न देने पर “आपका नॉर्मल डिलीवरी नहीं होगा” कहकर महिलाओं का मनोबल तोड़ा जाता है और घर वालों को डरा-धमकाकर भय का माहौल बनाया जाता है।
*ग्राम सभा में हस्ताक्षर कर जताया आक्रोश*
इस शिकायत पत्र पर गांव के मंगलदास, लक्ष्मण सिंह, विमला, गणेश प्रसाद सहित अन्य ग्रामीणों ने भी हस्ताक्षर कर समर्थन दिया है। शिकायत को ग्राम पंचायत सचिव द्वारा 03/10/2026 को सत्यापित भी किया गया है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर कोरबा और BMO पोड़ी-उपरोड़ा से मांग की है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कटोरी नगोई की जांच कर दोषी कर्मचारियों पर कड़ा कदम उठाया जाए और 24 घंटे स्वास्थ्य सुविधा सुनिश्चित की जाए।




