एक ही छत के नीचे ग्रामीणों को मिला शासकीय योजनाओं का लाभ, सेवा सेतु अभियान के ब्लॉक स्तरीय शिविर में उमड़ा जनसैलाब

*कोरबा / पोड़ी-उपरोड़ा (LIVE BHARAT 36 NEWS) -*
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा में शासन-प्रशासन ग्रामीणों के द्वार पहुंचा। इसी कड़ी में 1 अक्टूबर 2026 को ग्राम पंचायत सिंधिया के हाई स्कूल मैदान में *सेवा सेतु अभियान का ब्लॉक स्तरीय विशाल शिविर* आयोजित किया गया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना और ग्रामीणों की मांग, समस्या, शिकायतों को सीधे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर मौके पर ही निराकरण करना रहा।
*मंच पर जिला पंचायत से लेकर जनपद तक के दिग्गज रहे मौजूद*
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत कोरबा के अध्यक्ष *डॉ. पवन कुमार सिंह* गरिमामय रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा की अध्यक्ष *श्रीमती माधुरी देवी तंवर*, उपाध्यक्ष *प्रकाश चंद जाखड़*, सरपंच संघ के अध्यक्ष *प्रताप मरावी*, पूर्व अध्यक्ष *श्रीमती किरण मरकाम*, जनपद सदस्य *सरस्वती जायसवाल, चतुर भुवन नायक, कन्हैया चौहान* तथा अनुभाग के मुखिया एसडीएम पोड़ी-उपरोड़ा *श्री मनोज कुमार बंजारे* मंचासीन रहे।
*विभागवार लगे स्टॉल, अधिकारियों ने सुनीं समस्याएं*
शिविर स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे। राजस्व, पंचायत, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, उद्यानिकी, शिक्षा, खाद्य सहित सभी विभागों के अधिकारियों ने अपने स्टॉल पर ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभ के बारे में विस्तार से बताया।
ग्रामीणों ने भी इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपनी समस्याएं और मांगे सीधे अधिकारियों के समक्ष रखीं। कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
इस दौरान जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी *श्री खगेश निर्मलकर* ने सेवा सेतु अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए ग्रामीणों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में विभागीय स्टॉलों पर जाकर जानकारी लें और अपनी समस्याओं का समाधान कराएं।
पूरे दिन चले इस शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों ने शासन की योजनाओं का लाभ लिया और अधिकारियों से सीधा संवाद स्थापित किया।
*रिपोर्ट: यशपाल सिंह, जिला संवाददाता (कोरबा)*
*LIVE BHARAT 36 NEWS*




