आंगन मिलन सेवा संकल्प अभियान का भव्य आयोजन, कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान

*कोरबा/पोड़ी-उपरोड़ा (LIVE BHARAT 36 NEWS) -*
कोरबा/ जिले के पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत केंशलपुर में आज दिनांक 30 सितंबर 2026 को महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना पोड़ी-उपरोड़ा के तत्वाधान में *आंगन मिलन सेवा संकल्प अभियान* का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके पश्चात् आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा पोषण आहार से संबंधित आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में मोटे अनाज, हरी साग-सब्जी, स्थानीय फलों, अंकुरित अनाज और पारंपरिक व्यंजनों को प्रदर्शित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को कुपोषण से बचाव और संतुलित आहार के प्रति जागरूक करना था।
*जटगा सेक्टर प्रभारी ने दिया पोषण का संदेश*
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जटगा सेक्टर की सेक्टर प्रभारी *श्रीमती रामेश्वरी वर्मन* उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार और सेवा का मंदिर है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका गांव की पहली डॉक्टर के रूप में कार्य करती हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को सेवा संकल्प दिलाया कि वे शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएंगी।
*ये रहे अतिथि के रूप में उपस्थित*
इस गरिमामय कार्यक्रम में ग्राम पंचायत केंशलपुर की सरपंच *श्रीमती राम बाई कंवर*, पंचायत सचिव *श्री कुमार सिंह कंवर*, भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के उपाध्यक्ष *श्री धर्मेंद्र सिंह* विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
इसके अलावा पंच *श्री यशपाल सिंह*, श्री सुमेर सिंह, श्री सुनील कुमार, सरपंच प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में पंचगण उपस्थित रहे।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में प्रमुख रूप से *श्रीमती उर्मिला महंत, कांति कंवर, प्रमिला सांडिल्य, साधना कंवर, नंदनी तंवर, सुमरीत कंवर,* केशलपुर की समस्त कार्यकर्ता, सहायिका और बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।
सरपंच श्रीमती राम बाई कंवर ने कहा कि आंगनबाड़ी बहनों के कारण ही आज गांव में बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य में काफी सुधार हुआ है। भाजपा नेता धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “जन सेवा से देश सेवा” के सपने को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ही साकार कर रही हैं।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया और आंगन मिलन सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने की शपथ ली गई।
*यशपाल सिंह, जिला संवाददाता (कोरबा)*
*LIVE BHARAT 36 NEWS*




