प्रदेश में घर पहुंच निशुल्क पौधा वितरण के लिए पौधा तुंहर द्वार योजना आज से शुरू हो गई है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और वनमंत्री मंत्री मोहम्मद अकबर के निर्देशानुसार कोरबा जिले के वन मंडल कोरबा में योजना का शुभारंभ राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल द्वारा किया गया। घर पहुँच पौध वितरण के लिए राजस्व मंत्री ने हरी झंडी *दिखाकर हरियाली रथ को रवाना किया। इस अवसर पर राजस्व मंत्री द्वारा आम नागरिकों को फलदार एवं छायादार वृक्ष बांटे गए। राजस्व मंत्री ने मीडिया को बताया कि प्रदेश की मुख्यमंत्री के मंशानुरूप हरियाली और स्वच्छ वातावरण के लिए पौधा तुँहर द्वार योजना की शुरुवात की गई है जो बहुत अच्छी योजना है। इसके माध्यम से नागरिकों को घर पहुंच सेवा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रदेश वनाच्छादित तो है लेकिन औद्योगिकरण और सड़क निर्माण के लिए कई पेड़ काट दिए गए जिनकी भरपाई करने ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने की आवश्यकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की इस अभियान को पौधरोपण तक ही सीमित न रखें बल्कि उन पौधों के पेड़ बनने तक उनकी देखभाल की शपथ भी लें
इस दौरान कोरबा वन मंडल अधिकारी प्रियंका पांडे भी मीडिया से रूबरू हुई और उन्होंने मीडिया को बताया कि गैर वनीय क्षेत्रों में वृक्षारोपण को बढ़ावा देने और फलदार तथा छायादार वृक्षो की संख्या में बढ़ोतरी करने के उद्देश्य से पौधा तुंहर द्वार योजना की शुरुवात हुई है ताकि पर्यावरण सुरक्षित हो। आगे उन्होंने कहा कि नागरिक इन पौधों को अपने घर आंगन, खेत -खलिहान, खाली निजी भूमि लगा सकते हैं। दिए गए मोबाइल नम्बरों पर सम्पर्क करने पर घर पहुंच सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।
गौरतलब है कि राज्य में वन विभाग द्वारा इस वर्ष 2 करोड़ 27 लाख पौधों के वितरण का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए वर्तमान में समस्त 275 विभागीय नर्सरियों में 284 प्रजातियों के 3 करोड़ 89 लाख पौधे उपलब्ध हैं। राज्य में पौध वितरण कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए प्रधान मुख्य वन संरक्षक राकेश चतुर्वेदी द्वारा सभी वन मंडलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं
हरियाली प्रसार योजना के अंतर्गत 67 लाख 36 हजार 598 पौधे, मनरेगा योजना के अंतर्गत 01 करोड़ 53 लाख 16 हजार 302 पौधे, पौधा प्रदाय योजना अंतर्गत 81 हजार 100 पौधे तथा अन्य योजना के अंतर्गत 6 लाख पौधों का वितरण शामिल है। निर्धारित लक्ष्य के अनुसार वन मंडल कोरबा में 3 लाख 25 हजार तो वहीं जिले के कटघोरा वनमंडल में 01 लाख 50 हजार पौधों का वितरण किया जाएगा।
जयसिंह अग्रवाल, राजस्व मंत्री छग शासन
प्रियंका पांडेय, डीएफओ कोरबा वनमंडल
संवादाता बोधन चौहान लाइव भारत 36 न्यूज़ चैनल कोरबा