तरावली में दा नेशनल पावर ग्रुप का भव्य धार्मिक आयोजन, मां की चुनरी उड़ाकर संचालकों का किया स्वागत; जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर

रिपोर्टर विनय पटेल

बैरसिया।मां की भक्ति, आस्था और सेवा के संकल्प के साथ दा नेशनल पावर ग्रुप द्वारा गुरुवार को तरावली स्थित मां हरसिद्धि मंदिर में भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। इस अवसर पर मां हरसिद्धि को चुनरी अर्पित कर विधि-विधान से कन्या पूजन किया गया। इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसादी ग्रहण की और माता रानी का आशीर्वाद लिया।आयोजन के दौरान भजन संध्या का भी आयोजन किया गया, जिसमें कलाकारों ने मां की भक्ति से ओतप्रोत भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा तथा मां हरसिद्धि के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।दा नेशनल पावर ग्रुप के प्रदेश अध्यक्ष पंडित जय नारायण वैरागी एवं कार्यक्रम अध्यक्ष दिनेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में नेशनल पावर ग्रुप के संरक्षकों का मां की चुनरी उड़ाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं और उपस्थित जनों ने मां के जयकारे लगाए और सभी ने माता रानी से सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।खास बात यह है कि ग्रुप लगातार 17 वर्षों से मां हरसिद्धि के दरबार में धार्मिक आयोजन कर अपनी सेवा और समर्पण की परंपरा निभाता आ रहा है। इस आयोजन ने आस्था, श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता का सुंदर संदेश दिया।
धर्म के साथ समाजसेवा में भी अग्रणी है ग्रुप
दा नेशनल पावर ग्रुप केवल धार्मिक आयोजनों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सेवा के क्षेत्र में भी लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। नगर में संचालित ‘एक रोटी गाय के नाम’ अभियान के तहत रथ के माध्यम से घरों से रोटियां एकत्रित की जाती हैं और उन्हें गौमाताओं को खिलाया जाता है। ग्रुप की इस पहल से प्रेरित होकर अन्य शहरों रमें भी इसी तरह के अभियान संचालित किए जा रहे हैं।इसके अलावा गरीब एवं बेसहारा लोगों की मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार के लिए लकड़ी और कंडों की निशुल्क व्यवस्था भी की जाती है। ग्रुप के इन सेवा कार्यों का उद्देश्य जरूरतमंदों की सहायता करना और समाज में सेवा, करुणा एवं मानवता की भावना को मजबूत करना है।




