गांवों में आवारा कुत्ते का आतंक : 8 बच्चों को काटा

रायपुर :- बलौदाबाजार जिले के लवन तहसील क्षेत्र के ग्राम लक्ष्नपुर में एक आवारा कुत्ते के लगातार हमलों से ग्रामीणों में डर का माहौल है। ग्रामीणों के मुताबिक कुत्ते ने अब तक आठ बच्चों को अपना शिकार बनाया है। कुत्ते के हमले में घायल बच्चों को अलग-अलग स्वास्थ्य केंद्रों में उपचार के लिए ले जाया गया। इनमें से एक बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल बलौदाबाजार रेफर किया गया है।
दूसरे गांव से पहुंचा कुत्ता, बच्चों पर कर रहा हमला
ग्रामीणों का कहना है कि आवारा कुत्ता किसी दूसरे गांव से लक्ष्नपुर पहुंचा है। गांव में आने के बाद उसने लगातार बच्चों पर हमला करना शुरू कर दिया। एक के बाद एक बच्चों के काटे जाने की घटनाओं से अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीण अब बच्चों को अकेले बाहर भेजने से बच रहे हैं। साथ ही उन्हें खुले में खेलने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
इन बच्चों पर किया हमला
ग्रामीणों के अनुसार आवारा कुत्ते ने सौरभ मरकंडे, यशिका ध्रुव, पुष्कर ध्रुव, रिहान साहू, टीकम साहू, यामिनी साहू, भूमिका साहू और तनुज कुमार को काटा है।जानकारी के मुताबिक यामिनी साहू का उपचार गढ़ाडीह पीएचसी लक्ष्मणपुर में कराया गया, जबकि तनुज कुमार को गदहीडीह सीएचसी पलारी में उपचार दिया गया। वहीं एक बच्चे की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
ग्रामीणों ने की तत्काल कार्रवाई की मांग
लगातार हो रहे हमलों के बाद ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से आवारा कुत्ते को जल्द पकड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कुत्ते को नहीं पकड़ा गया तो वह किसी और बच्चे या ग्रामीण पर हमला कर सकता है। ग्रामीणों में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इस आवारा कुत्ते को कब पकड़ा जाएगा? फिलहाल घायल बच्चों का उपचार जारी है। गांव में लोगों को सतर्क रहने और छोटे बच्चों को अकेले बाहर नहीं भेजने की सलाह दी जा रही है।




