सक्ति

अटल जी ने दिया छत्तीसगढ़ राज्य का तोहफा,
पीएम मोदी और सीएम साय के नेतृत्व में प्रगति पथ पर प्रदेश: सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह



जेठा (छत्तीसगढ़): जिला मुख्यालय जेठा में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह का ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ के गौरवमयी उद्घोष के साथ हर्षोल्लास के साथ आगाज हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।


छत्तीसगढ़ राज्य समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि भारत रत्न व पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने हमें छत्तीसगढ़ राज्य का अनुपम तोहफा दिया था। उन्होंने आगे कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों का भारत और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कर्मठता से छत्तीसगढ़ लगातार प्रगति की राह पर आगे बढ़ रहा है। सांसद ने इस अवसर पर सभी जिलावासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।


इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत में जिलाधीश श्रीमती जयश्री जैन ने स्वागत भाषण दिया और राज्योत्सव आयोजन के मुख्य उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। समारोह में पूर्व सांसद गुहाराम अजगल्ले तथा भाजपा जिलाध्यक्ष टिकेश्वर गबेल ने भी मंच से जनता को संबोधित करते हुए राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित की।
राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय आयोग (विधि) के प्रदेश अध्यक्ष एवं अधिवक्ता चितरंजय पटेल से मिली जानकारी के अनुसार, राज्योत्सव के दौरान जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए बच्चों ने रंगारंग लोक गीतों और नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने करतल ध्वनि से सराहा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों से पहले मंचासीन अतिथियों ने विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा लगाए गए विकास स्टालों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान वेदांता पावर
द्वारा अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित एक विशेष झांकी का प्रदर्शन भी किया गया, जो आकर्षण का केंद्र रही। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए मंच पर जिला पंचायत अध्यक्ष द्रौपदी कीर्तन चंद्रा, उपाध्यक्ष कमल किशोर पटेल, सभापति विद्या सिंदर, सत्यनारायण चंद्रा, नगरपालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल, जनपद अध्यक्ष नीतू राय, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर , जिला पंचायत सी ई ओ वासु जैन सहित अधिवक्ता चितरंजय पटेल, कवि वर्मा, अभिषेक शर्मा, गेंद राम मनहर, रामनरेश यादव और डॉ. श्याम चंद्रा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। समारोह में सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद थे।

Related Articles