महिलाएं नेतृत्व कर रही हैं, नई पीढ़ी को मिल रहा बेहतर भविष्य : तनुश्री राठौड़सेवा सेतु अभियान के तहत ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर में 102 आवेदन मिले, विभागों ने लगाए काउंटर; बिजली-राजस्व की शिकायतों में देरी पर जनप्रतिनिधियों ने जताई नाराजगी

रिपोर्टर विनय पटेल
बैरसिया।।अंबेडकर पार्क बैरसिया में नगर पालिका परिषद बैरसिया द्वारा सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 102 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई समस्याओं का अधिकारियों ने मौके पर ही निराकरण किया। नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उनके आवेदन और शिकायतें संबंधित विभागों के काउंटर पर दर्ज की गईं।कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष तनुश्री कुलदीप सिंह राठौड़ ने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा सेतु का उद्देश्य जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच तथा जनता और सरकारी योजनाओं के बीच सेतु बनाना है। आज स्थिति बदल गई है। अधिकारी और कर्मचारी जनता के बीच पहुंच रहे हैं और सरकार स्वयं नागरिकों के द्वार तक आ रही है, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं और सुविधाओं का लाभ मिल सके।उन्होंने कहा कि 20-25 साल पहले छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए भी लोगों को परेशान होना पड़ता था। कई बार लोगों को यह तक पता नहीं होता था कि किसी सरकारी योजना का लाभ कैसे लिया जाए। अब सरकार की योजनाओं और सुविधाओं को लोगों तक पहुंचाने के लिए शिविरों के माध्यम से प्रशासन स्वयं उनके बीच पहुंच रहा है।

गांव-गांव में बेहतर स्कूल, बच्चों को मिल रहा सुविधाओं का माहौल
अध्यक्ष तनुश्री राठौड़ ने कहा कि आज महिलाएं नेतृत्व कर रही हैं और घर से बाहर निकलकर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए गांव-गांव में सांदीपनि जैसे स्कूल विकसित किए जा रहे हैं। बच्चों को बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, तकनीक, शिक्षा और एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटीज का माहौल देने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो और वे बेहतर नागरिक बन सकें।उन्होंने किसानों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार किसानों के हित में भी विभिन्न योजनाओं पर काम कर रही है। सरकार की मंशा है कि विकास का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
बिजली और राजस्व विभाग की शिकायतों में देरी पर नाराजगी
शिविर के दौरान अध्यक्ष प्रतिनिधि कुलदीप सिंह राठौड़ एवं पार्षदगण ने विद्युत और राजस्व विभाग से संबंधित समस्याओं के निराकरण में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों से शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। इस पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।
सभी विभागों ने लगाए काउंटर
शिविर में राजस्व, विद्युत, स्वास्थ्य, खाद्य, सामाजिक न्याय, महिला एवं बाल विकास, श्रम, नगरीय प्रशासन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। विभागों द्वारा अलग-अलग काउंटर लगाकर नागरिकों की समस्याओं और आवेदनों का पंजीयन किया गया तथा पात्र हितग्राहियों को संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में एसडीएम शिवांगी बघेल, तहसीलदार आदित्य जंगेला, नायब तहसीलदार दुर्गा पटेल, एसडीओपी वैशाली कराहलिया, नपा सीएमओ राजेंद्र सक्सेना, नगर पालिका परिषद के पार्षद, एल्डरमैन, अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में नपा सीएमओ राजेंद्र सक्सेना ने आभार व्यक्त किया।




