जशपुर जिला

जिले के प्रभारी सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना ने जशपुर के गम्हरिया एवं मनोरा के धान खरीदी केंद्र का किया आकस्मिक निरीक्षण
चेक पोस्ट पर विशेष निगरानी बनाकर रखने एवं अवैध धान परिवाहन करने वालों पर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश

जशपुरनगर 03 दिसम्बर 2021/जिले के प्रभारी सचिव डॉ. सी.आर.प्रसन्ना और कलेक्टर श्री रितेश कुमार अग्रवाल ने आज जशपुर के गम्हरिया और मनोरा विकासखंड के धान खरीदी केन्द्र का निरीक्षण करके धान खरीदी की जानकारी ली। उन्होंने धान बेचने आए कृषकों से चर्चा करके धान केन्द्र में दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही सोसायटी में बारदाने की उपलब्धता, धान की गुणवत्ता, टोकन काटने की प्रक्रिया की भी जानकारी ली। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रायमुनी भगत, पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री के.एस.मण्डावी, संयुक्त कलेक्टर श्री अखिलेश साहू, एसडीएम जशपुर श्री बालेश्वर राम, खाद्य अधिकारी श्री अमृत कुजूर, विपणन अधिकारी श्री प्रवीण पैंकरा और नागरिक आपूर्ति विभाग के जिला प्रबंधक श्री मनोज मिंज उपस्थित थे।
प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को चेक पोस्ट पर विशेष निगरानी बनाकर रखने के निर्देश दिए हैं और बाहर से आने वाले अवैध धान परिवहन करने वालों पर कड़ी कार्यवाही करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों को प्रथम डोज और द्वितीय डोज नहीं लगा है उन किसानों को धान खरीदी केन्द्र में टीका लगवाएं।
खाद्य अधिकारी ने बताया कि जिले में 20 चेक पोस्ट बनाए गए हैं। 09 प्रकरण बनाकर 280 क्विंटल धान सहित 07 गाड़िया जप्त किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में बारदाने की कोई समस्या नहीं है। पर्याप्त संख्या में बारदाने सोसायटी में उपलब्ध हैं। प्रभारी सचिव ने गम्हरिया धान खरीदी केन्द्र में आर्द्रता मापी यंत्र से धान की नमी का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मनोरा धान खरीदी केंद्र पहुंच कर धान बेचने आने वाले किसान श्री भुनेश्वर राम कुंज से सुविधाओं की जानकारी ली। किसान ने बताया कि केंद्र में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं है धान बेचने के लिए टोकन पहले से ही दे दिया गया था। आज 22 क्विंटल धान बेचने के लिए आए हैं। समिति प्रबंधक ने बताया कि अभी सोसायटी में 45 हजार बारदाने उपलब्ध हैं। किसान सिकन्दर केरकेट्टा ने बताया कि आज वे 45 क्विंटल धान बेचने के लिए टोकन कटाया है। किसानों ने बताया कि धान बेचने में कोई समस्या नहीं आ रही है बढ़ी सरलता से टोकन प्रदान किया जा रहा है। प्रभारी सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना ने सोसायटी प्रबंधकों को किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं करने की कड़ी हिदायत दी है। अन्यथा कड़ी कार्यवाही करने की बात कही है। राज्य शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से जिले में किसानों में उत्साह दिखाई दे रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button