हरदी बाजार में स्वास्थ्य सुविधा को नई दिशा, 85 लाख की लागत से बनेगा नया भवन

लीलागर नदी के किनारे हुआ भूमि पूजन, छह महीने में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य; नई बसाहट में स्थायी स्वास्थ्य सुविधा को लेकर भी रहेगी उम्मीद

लाइव भारत 36न्यूज़ से कोरबा जिला से संवाददाता मोहन चौहान
कोरबा 11 नवंबर 2026 हरदी बाजार क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एसईसीएल प्रबंधन द्वारा एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। हरदी बाजार में लीलागर नदी के किनारे पुल के पास स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन का आज भूमि पूजन किया गया। लगभग 85 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह भवन करीब 5,000 वर्गफीट क्षेत्र में तैयार किया जाएगा। एसईसीएल अधिकारियों से हुई चर्चा के अनुसार, निर्माण कार्य को अगले छह महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
गौरतलब है कि वर्तमान में हरदी बाजार का स्वास्थ्य केंद्र तहसील परिसर में अस्थायी रूप से संचालित हो रहा है। अब लीलागर नदी के किनारे जिस भवन का निर्माण शुरू किया जा रहा है, वह भी अस्थायी व्यवस्था के रूप में तैयार किया जा रहा है। हरदी बाजार के विस्थापन और नई बसाहट की योजना को देखते हुए भविष्य में स्वास्थ्य केंद्र को नई बसाहट में स्थापित किए जाने की जरूरत भी महत्वपूर्ण है, ताकि वहां बसने वाले ग्रामीणों को अपने आसपास ही चिकित्सा सुविधा मिल सके।
हरदी बाजार के सरपंच लोकेश्वर कंवर ने बताया कि वर्तमान में स्वास्थ्य केंद्र तहसील परिसर में संचालित हो रहा है। नए भवन का निर्माण होने से लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने इस पहल को क्षेत्र के ग्रामीणों के हित में अच्छा कदम बताया।

इस अवसर पर दीपका एरिया के सीजीएम शरद तिवारी, अनिल टंडन, हरदी बाजार के सरपंच लोकेश्वर कंवर, आवेज मेमन, दुष्यंत कुर्रे, सेवानिवृत्त चिकित्सक डॉ. आत्मानारायण कंवर, युधेश सांडे सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हरदी बाजार में चल रही विस्थापन और नई बसाहट की प्रक्रिया के बीच स्वास्थ्य सुविधा का विषय भी उतना ही महत्वपूर्ण है। आज जिस भवन का निर्माण शुरू हुआ है, उससे फिलहाल ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी। लेकिन भविष्य की जरूरतों को देखते हुए नई बसाहट में स्वास्थ्य केंद्र की उचित व्यवस्था होना भी जरूरी है। आखिरकार विकास का सही लाभ तभी मिलता है, जब लोगों को घर, रोजगार और दूसरी बुनियादी सुविधाओं के साथ बेहतर इलाज की सुविधा भी मिले।
एसईसीएल प्रबंधन की ओर से शुरू की गई यह पहल निश्चित रूप से सराहनीय है। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि निर्माण कार्य तय समय में पूरा होगा और नई बसाहट के लिए भी स्वास्थ्य सुविधा की बेहतर योजना बनाई जाएगी।





