दीपावली पर ग्राम नेवसा को विधायक प्रेमचंद पटेल की बड़ी सौगात धनवारपारा में मंच निर्माण के लिए 3 लाख रुपये की घोषणा

संवाददाता मोहन चौहान लाइव भारत 36 न्यूज़
कोरबा। दीपों की रोशनी, खुशियों का माहौल और अपनों के बीच आपसी प्रेम का त्योहार दीपावली इस बार ग्राम नेवसा के धनवारपारा के लोगों के लिए एक खास सौगात लेकर आया। दीपावली के पावन अवसर पर कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक श्री प्रेमचंद पटेल ग्रामीणों के बीच पहुंचे। यहां आदिवासी समाज के लोगों की मांग पर उन्होंने गांव में मंच निर्माण के लिए 3 लाख रुपये देने की घोषणा की।

दरअसल, दीपावली के अवसर पर धनवारपारा निवासी राजू धनवार के घर आदिवासी समाज के लोगों ने विधायक प्रेमचंद पटेल को स्नेहपूर्वक भोजन के लिए आमंत्रित किया था। निमंत्रण स्वीकार करते हुए विधायक महोदय राजू धनवार के निवास पहुंचे। घर में दीपावली की खुशियों के बीच आत्मीयता और उत्साह का माहौल रहा। ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया और सभी ने मिलकर भोजन किया।

इसी दौरान धनवारपारा के ग्रामीणों ने विधायक के सामने अपनी एक जरूरी मांग रखी। उन्होंने बताया कि गांव में सामाजिक, सांस्कृतिक और सामूहिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक मंच की आवश्यकता है। ग्रामीणों की इस मांग पर विधायक प्रेमचंद पटेल ने सकारात्मक पहल करते हुए मंच निर्माण के लिए 3 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि गांव में मंच का निर्माण कराया जाएगा।
विधायक की इस घोषणा से ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे। दीपावली के त्योहार पर गांव की एक पुरानी जरूरत पूरी होने की उम्मीद ने खुशियों को और बढ़ा दिया। ग्रामीणों ने मंच निर्माण के लिए की गई घोषणा पर प्रसन्नता जताई।
इस अवसर पर वनवासी कल्याण आश्रम कोरबा के कोषाध्यक्ष श्रवण कुमार यादव, शिवलाल यादव, रामकुमार यादव, जमुना यादव, शारदा यादव, संतोष यादव, विदेशी धनवार, राजू धनवार, भुजबल यादव, नाजिम खान, उपसरपंच बलराम राठौड़, छोटेलाल पटेल, खोलु धनवार एवं कुबल धनवार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
दीपावली के इस पावन अवसर पर ग्राम नेवसा के धनवारपारा को मिली 3 लाख रुपये की सौगात ने त्योहार की खुशियों में विकास की एक नई उम्मीद जोड़ दी।




