छत्तीसगढ़

ड्राइवर महासंघ जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन,

12 नवंबर से अनिश्चितकालीन स्टेयरिंग छोड़ो अभियान की चेतावनी*

सारंगढ़। छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंघ जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के जिलाध्यक्ष डमरूधर चौहान के नेतृत्व में महासंघ के पदाधिकारियों ने अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से ड्राइवर महासंघ ने सरकार का ध्यान वाहन चालकों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों की ओर आकर्षित किया है। महासंघ का कहना है कि लंबे समय से ड्राइवरों की समस्याओं को लेकर आंदोलन और मांगें उठाई जा रही हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
महासंघ की प्रमुख तीन सूत्रीय मांगें इस प्रकार हैं—
देशभर के व्यावसायिक वाहन चालकों के लिए ड्राइवर सुरक्षा कानून लागू किया जाए।
राष्ट्रीय स्तर पर ड्राइवर आयोग का गठन किया जाए।
छत्तीसगढ़ में तत्काल ड्राइवर कल्याण बोर्ड का गठन किया जाए।
महासंघ ने ज्ञापन में स्पष्ट किया है कि 12 नवंबर 2026 से अखिल भारतीय ड्राइवर संयुक्त कमेटी के आह्वान पर पूरे देश में अनिश्चितकालीन स्टेयरिंग छोड़ो अभियान प्रारंभ किया जाएगा, जिसमें छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंघ भी अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएगा।
महासंघ ने चेतावनी दी है कि जब तक ड्राइवरों की मांगों पर सरकार द्वारा ठोस एवं लिखित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस बार केवल मौखिक आश्वासन के आधार पर आंदोलन स्थगित नहीं किया जाएगा।
ड्राइवरों के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई
जिलाध्यक्ष डमरूधर चौहान के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से शासन-प्रशासन से मांग की गई है कि ड्राइवरों की जायज मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए।
महासंघ का कहना है कि ड्राइवर देश की अर्थव्यवस्था और परिवहन व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। दिन-रात मेहनत कर देश की परिवहन व्यवस्था को गतिमान रखने वाले वाहन चालकों को भी सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक अधिकार मिलना चाहिए।ज्ञापन कार्यक्रम में सुरजकुमार सारथी,लक्ष्मी प्रसाद सिदार, आलेख नायक,विद्याधर चौहान, सरीफ खान के अलावा दर्जनों वाहन चालक उपस्थित थे।

Related Articles