सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम रामटेक में टीबी मुक्त भारत अभियान को मिला बल, हैंड-हेल्ड एक्स-रे शिविर आयोजित

सारंगढ़-बिलाईगढ़। प्रधानमंत्री टी.बी. मुक्त भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और टीबी की समय पर पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम पंचायत रामटेक में हैंड-हेल्ड एक्स-रे शिविर का आयोजन किया गया।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष रूप से उन लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जो टीबी के उच्च जोखिम समूह में आते हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य संभावित टीबी मरीजों की शुरुआती स्तर पर पहचान करना, उनकी जांच कराना और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें आगे के उपचार से जोड़ना है। इसके साथ ही लोगों में टीबी के लक्षणों, बचाव और समय पर जांच कराने को लेकर जागरूकता भी बढ़ाई जा रही है।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सारंगढ़-बिलाईगढ़ डॉ. पुष्पेन्द्र वैष्णव के मार्गदर्शन तथा खंड चिकित्सा अधिकारी सारंगढ़ डॉ. आर. एस. सिदार के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों, पूर्व में टीबी से ग्रसित रहे मरीजों, HTN, DM एवं श्वास संबंधी समस्या वाले व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की गई।
हैंड-हेल्ड एक्स-रे तकनीक के माध्यम से मौके पर ही जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे संभावित मामलों की पहचान कर उन्हें समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में मदद मिल सके।
शिविर में श्री ललित कुमार पटेल (RHO), श्रीमती रीतू रानी मनहर (MLHP-F), एक्स-रे टेक्नीशियन गोलू तिवारी, श्रीमती गिरिजा लाहरे (STS) एवं ग्राम पंचायत रामटेक की सरपंच महोदया सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की कि लंबे समय तक खांसी, बुखार, वजन कम होना, रात में पसीना आना या अन्य टीबी संबंधी लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न करें और समय पर स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं।




