छत्तीसगढ़

रायपुर बलौदाबाजार में दर्दनाक हादसा : ड्यूटी से लौट रहे ग्रामीण चिकित्सा अधिकारी की मौत, दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत

रायपुर संभाग

धीरेन्द्र साहू


बलौदाबाजार के कोसमंदा में दो बाइक की टक्कर में ग्रामीण चिकित्सा अधिकारी चंद्र किरण चंद्राकर की मौत हो गई। ड्यूटी से घर लौटते समय यह हादसा हुआ, दूसरा बाइक सवार भी घायल है।

बलौदाबाजार जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ग्रामीण चिकित्सा अधिकारी की मौत हो गई। पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम कोसमंदा में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ग्रामीण चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी चंद्र किरण चंद्राकर (44) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल पलारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेजाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

चंद्र किरण चंद्राकर पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मणपुर में ग्रामीण चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी के पद पर पदस्थ थे। जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम करीब 4 बजे ड्यूटी पूरी करने के बाद वे बाइक से अपने घर पलारी लौट रहे थे।

घर लौटते समय ग्राम कोसमंदा स्थित मुर्गी फार्म के पास सामने से आ रही बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चंद्राकर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने डायल-112 को सूचना दी। पुलिस की मदद से घायल चिकित्सा अधिकारी को पलारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

दूसरा बाइक सवार भी घायल

दुर्घटना में दूसरी मोटरसाइकिल का चालक भी घायल हुआ है। उसे बेहतर उपचार के लिए बलौदाबाजार अस्पताल भेजा गया है।

Related Articles