
लाइव भारत 36न्यूज़ से धरमजयगढ़ नईम मेमन की रिपोर्ट
निडर पत्रकारिता और शोषितों की आवाज बने रहने वाले युवा पत्रकार को साथियों ने किया याद, निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग

जिला रायगढ़ धरमजयगढ़ सड़क दुर्घटना में धरमजयगढ़ के युवा एवं होनहार पत्रकार शेख आलम के आकस्मिक निधन से पत्रकारिता जगत सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। 15 सितंबर को हुए इस दुखद हादसे में पत्रकार शेख आलम ने दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन से पत्रकार साथियों और शुभचिंतकों में गहरा दुख व्याप्त है। इसी कड़ी में धरमजयगढ़ प्रेस क्लब द्वारा बुधवार शाम 7 बजे अटल परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रेस क्लब के पत्रकारों, पदाधिकारियों एवं नागरिकों ने दिवंगत पत्रकार शेख आलम के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण किया। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए प्रेस क्लब के संरक्षक यूसुफ छाया ने शेख आलम के पत्रकारिता जीवन को याद करते हुए कहा कि शेख आलम एक निडर और जुझारू पत्रकार थे। उन्होंने हमेशा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया और भ्रष्टाचार के मामलों को सामने लाने का प्रयास किया। गरीब, शोषित और जरूरतमंद लोगों की आवाज बनने के लिए वे लगातार सक्रिय रहते थे। कम उम्र में ही उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई थी। पत्रकार साथियों ने कहा कि शेख आलम का असमय चले जाना पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। एक युवा और सक्रिय पत्रकार के रूप में उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित पत्रकारों ने उनके साथ बिताए समय और उनकी कार्यशैली को याद करते हुए कहा कि जनहित के मुद्दों को लेकर उनकी सक्रियता और बेबाकी हमेशा याद रहेगी।

दुर्घटना की निष्पक्ष जांच की मांग
श्रद्धांजलि सभा के दौरान धरमजयगढ़ प्रेस क्लब ने पत्रकार शेख आलम की सड़क दुर्घटना के मामले में पुलिस से निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की। प्रेस क्लब का कहना है कि दुर्घटना की सभी परिस्थितियों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों की पूरी सच्चाई सामने आ सके। पत्रकार साथियों ने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच पारदर्शी तरीके से करते हुए प्रत्येक पहलू को गंभीरता से जांचने की मांग की है। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत पत्रकार के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। श्रद्धांजलि सभा में प्रेस क्लब के विजय अग्रवाल, यूसुफ छाया, भरत लाल साहू, इंदु जेठवानी, नारायण बाईन, विवेक पाण्डेय, गुरुचरण सिंह राजपूत, असलम खान, बजरंग अग्रवाल, परितोष मंडल, राजीव अग्रवाल, ऋषभ तिवारी, शिवमोहन तिवारी, अमन अली, धीरेन्द्र मिश्रा, सजल मधु, रोहित तिर्की, संजय जेठवानी, नईम मेमन सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं नागरिक उपस्थित रहे।





