Blog

सैकड़ों भारी वाहनों की आवाजाही पर गोपाल बाघे का सरकार पर तीखा हमला, पूछा—किसके इशारे पर दौड़ रहे कंटेनर?

बरमकेला–सोहेला मार्ग पर कंटेनरों का कब्जा, सड़क हुई छलनी

सैकड़ों भारी वाहनों की आवाजाही पर गोपाल बाघे का सरकार पर तीखा हमला, पूछा—किसके इशारे पर दौड़ रहे कंटेनर?

डोंगरीपाली/ बरमकेला–सोहेला मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर अब राजनीतिक विरोध तेज होता नजर आ रहा है। सड़क पर प्रतिदिन सैकड़ों कंटेनर और भारी वाहनों की आवाजाही से मार्ग जगह-जगह उखड़ गया है तथा बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दुर्घटना की आशंका भी लगातार बनी हुई है।
सड़क की इस दुर्दशा को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के जिला महामंत्री गोपाल बाघे ने भाजपा सरकार और जिला प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब सड़क की क्षमता और सुरक्षा को लेकर स्थिति स्पष्ट है, तो आखिर सैकड़ों कंटेनर वाहनों को लगातार इस मार्ग पर चलने की अनुमति कैसे मिल रही है?
बाघे ने कहा कि भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़क टूट रही है और जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंखें बंद किए बैठे हैं। उन्होंने सवाल किया कि आखिर इन कंटेनर वाहनों के संचालन के पीछे किसका राजनीतिक संरक्षण है और प्रशासन कार्रवाई करने से क्यों बच रहा है?
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार विकास और बेहतर सड़कों के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत बरमकेला–सोहेला मार्ग पर साफ दिखाई दे रही है। सड़क में गड्ढे बढ़ते जा रहे हैं, दुर्घटना का खतरा मंडरा रहा है और जिम्मेदार विभाग मौन है।
गोपाल बाघे ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मार्ग पर चल रहे भारी वाहनों की संख्या, परमिट, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों की तत्काल जांच कराई जाए। साथ ही सड़क की गुणवत्ता और उसके बार-बार खराब होने के कारणों की भी जांच हो। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी।

Related Articles