सिविल अस्पताल की बदहाली पर फूटा गुस्सा: कांग्रेस ने फूंका स्वास्थ्य मंत्री का पुतला, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

डॉक्टरों की अनुपस्थिति, बदहाल व्यवस्था और मरीजों से दुर्व्यवहार के खिलाफ सड़कों पर उतरे सैकड़ों कार्यकर्ता; उच्चस्तरीय जांच की मांग

रिपोर्टर विनय पटेल
बैरसिया । सिविल अस्पताल में चरमराई स्वास्थ्य सेवाओं, कथित लापरवाही और मरीजों को हो रही भारी असुविधाओं को लेकर बुधवार को कांग्रेस का जोरदार जनाक्रोश देखने को मिला। युवक कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती भाग्यश्री चंचल खत्री के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड चौराहे से अस्पताल तक विरोध रैली निकाली और गेट पर प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री का पुतला फूंका।प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि अस्पताल क्षेत्र की बड़ी आबादी के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का मुख्य केंद्र है, लेकिन डॉक्टरों की कमी एवं लेट-लतीफी, स्टाफ के दुर्व्यवहार और लचर व्यवस्थाओं के कारण मरीज इलाज के लिए भटकने को मजबूर हैं।
तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, जांच की मांग
अस्पताल परिसर में प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ता तहसील कार्यालय पहुंचे। वहां एसडीएम की अनुपस्थिति में तहसीलदार आदित्य जंगेला को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में अस्पताल की सभी अनियमितताओं की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने और दोषी कर्मचारियों-अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है युवक कांग्रेस बैरसिया विधान सभा अध्यक्ष श्रीमती भाग्यश्री चंचल खत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सुविधाएं सीधे आमजन के जीवन से जुड़ा गंभीर विषय हैं। अस्पताल में लापरवाही और अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि प्रशासन ने जल्द सुधार नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में ये नेता रहे मौजूद
प्रदर्शन के दौरान , जिला ग्रामीण किसान कांग्रेस अध्यक्ष राम भाई मेहर, पूर्व मंडी अध्यक्ष सत्य नारायण यादव, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश साहू, मदन सिंह ठाकुर,बैरसिया ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा, नजीराबाद ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष कमलेंद्र सिंह सोलंकी,
फत्तू लाल कुशवाह, रघु यादव, लोकेश यादव, और प्रेम यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।




