नव पदस्थ जिला शिक्षा अधिकारी से सहायक शिक्षक फेडरेशन ने की सौजन्य भेंट

शिक्षा व्यवस्था में सुधार एवं शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर हुई सकारात्मक चर्चा
सारंगढ़। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के जिलाध्यक्ष संकीर्तन नंद के नेतृत्व में फेडरेशन के पदाधिकारियों ने नव पदस्थ जिला शिक्षा अधिकारी एल. एन. पटेल से सौजन्य भेंट की। इस दौरान फेडरेशन की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया तथा उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
सौजन्य मुलाकात के दौरान जिले की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार तथा शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के निराकरण को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। फेडरेशन ने विभागीय स्तर पर लंबित शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न विषयों के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी को अवगत कराया।
फेडरेशन ने 1 अप्रैल की स्थिति में सहायक शिक्षकों की वरिष्ठता सूची जारी करने, विभिन्न परीक्षाओं के लिए परीक्षा अनुमति प्रदान करने, लंबित आवेदनों पर कार्योत्तर परीक्षा अनुमति जारी करने, सेवा पुस्तिका का संबंधित कर्मचारियों द्वारा अवलोकन किए जाने हेतु शिविर आयोजित करने तथा जीपीएफ पासबुक के नियमित संधारण सहित विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
जिलाध्यक्ष संकीर्तन नंद ने कहा कि जिले में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन सदैव विभाग के साथ सकारात्मक सहयोग के लिए तत्पर रहेगा। उन्होंने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में जिले की शिक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होने की उम्मीद है। साथ ही शिक्षक हितों से जुड़े विषयों पर संवेदनशीलता के साथ पहल होने की अपेक्षा व्यक्त की।
इस अवसर पर फेडरेशन के प्रदेश महामंत्री मनीष डडसेना, कार्यकारी जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भारद्वाज, जिला सचिव सूरज कुमार सारथी, ब्लॉक अध्यक्ष बरमकेला पवन कुमार पटेल, वरिष्ठ सलाहकार संजय मिश्रा, फिरेश्वरी कमल, क्रांति सारथी, सुमन तिर्की, मीनू प्रकाश सिदार, रमेश मालाकार, राजेश साहू, सुशांत सिदार, संजय महेश, रामकुमार साहू, हरि चंद्रा, दिलीप कंवर, बलबीर चौहान सहित फेडरेशन के अन्य पदाधिकारी एवं शिक्षक साथी उपस्थित रहे।
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने नव पदस्थ जिला शिक्षा अधिकारी को सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा विभाग एवं शिक्षक हित में संगठन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।




