Blog

बैरसिया में चोरों के हौसले बुलंद: सूने मकान से नकदी व जेवरात पार, ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश

सुंदरपुरा में दिनदहाड़े चोरी की वारदात, लगातार बढ़ रही घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
रिपोर्टर विनय पटेल
बैरसिया क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने आम नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला सिरोंज रोड स्थित ग्राम सुंदरपुरा का है, जहां 29 जुलाई को चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर नकदी और सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार, श्रीमती बबीता किशोरी लाल यादव का परिवार किसी काम से घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। घर के अंदर रखी गोदरेज अलमारी को खंगालकर उसमें रखी नकदी तथा सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। जब परिवार वापस लौटा तो मुख्य दरवाजे के ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी से कीमती सामान गायब था।
घटना की सूचना तत्काल बैरसिया थाने में दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की तथा पीड़ित परिवार की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर मामले की विवेचना प्रारंभ कर दी है।
लगातार हो रही चोरी की वारदातों से बैरसिया क्षेत्र के ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं और आम नागरिक अपने घरों व संपत्ति की सुरक्षा को लेकर असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए, आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद किया जाए। उनका कहना है कि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आम जनता का कानून व्यवस्था पर विश्वास कमजोर हो सकता है।
जनहित में अपेक्षा: क्षेत्रवासियों का मानना है कि रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की नियमित निगरानी हो तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि चोरी की बढ़ती घटनाओं पर रोक लग सके और लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम रहे।

Related Articles