वन भूमि पर अवैध जुताई रोकने पहुंचे वन अमले पर जानलेवा हमला, वन रक्षक गंभीर घायल

रिपोर्टर विनय पटेल
बैरसिया।। वन परिक्षेत्र बैरसिया के परिक्षेत्र सहायक वृत हर्रा खेड़ा अंतर्गत बीट कलारा के कक्ष क्रमांक आरएफ-138 में 25 जून 2026 की देर रात लगभग 12 बजे वृक्षारोपण क्षेत्र की वन भूमि पर ट्रैक्टर से अवैध जुताई किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा, लेकिन वन कर्मियों को देखते ही आरोपियों ने लाठी-डंडों एवं धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
हमले में वन रक्षक राजेश तंतवाय गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल बैरसिया स्थित निजी अस्पताल एलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी संजय सिंह राजपूत तत्काल मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से एमपी-04-एमक्यू-6582 नंबर की एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। मामले में आरोपी कुबेर सिंह उर्फ रबुदा पुत्र काशीराम, अरविंद पुत्र कुबेर सिंह, महेंद्र पुत्र कुबेर सिंह एवं सोनू महेश निवासी ग्राम जूनापानी के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण क्रमांक 47597/10, दिनांक 26 जून 2026 दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।
वन परिक्षेत्र अधिकारी ने बताया कि आरोपी वन अमले के साथ मारपीट कर ट्रैक्टर सहित मौके से फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।घटना के दौरान वन अमले में वन रक्षक नवीलाल, राजेश तंतवाय, पंकज सिंह रावत एवं महेंद्र कुमार साहू मौजूद थे।वन भूमि पर अतिक्रमण और अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान वन कर्मियों पर हुए इस हमले से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और वन कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।





