Blog

जयकारों से गूंजा बैरसिया भगवान देवनारायण जयंती पर निकली भव्य शोभा यात्रा

देवनारायण जयंती पर बैरसिया में उमड़ा आस्था का सैलाब
रिपोर्टर विनय पटेल
बैरसिया।।भगवान देवनारायण जी महाराज के जयकारों से शुक्रवार को बैरसिया नगर गूंज उठा। गुर्जर समाज के आराध्य देव की जयंती पर दो दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। सांवलिया मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा में बड़ी संख्या में गुर्जर समाज सहित नगरवासियों ने शामिल होकर श्रद्धा और उत्साह का परिचय दिया।
शोभायात्रा में धर्मध्वजा लेकर चल रहे घुड़सवार, चार अश्वों से सुसज्जित भगवान देवनारायण जी का रथ, ऊंटों का नृत्य और धार्मिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। डीजे की धुन पर थिरकते युवा, ढोल-नगाड़ों की गूंज और अखाड़े के पहलवानों के हैरतअंगेज करतबों ने लोगों का ध्यान खींचा।
यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कृषि उपज मंडी प्रांगण पहुंची। मार्ग में जगह-जगह सामाजिक और धार्मिक संगठनों के साथ नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। कई स्थानों पर महाआरती और प्रसादी वितरण की व्यवस्था की गई।

हर तरफ दिखी आस्था और उत्साह की झलक

शोभायात्रा में शामिल चलित झांकियों के माध्यम से भगवान देवनारायण जी के जीवन और धार्मिक महत्व को दर्शाया गया। नगर हिन्दू उत्सव समिति सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने यात्रा के स्वागत में सहभागिता की। पूरे नगर में उत्सव का माहौल रहा।
कृषि उपज मंडी पहुंचने के बाद भगवान देवनारायण जी महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना और महाआरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।

Related Articles