महासमुंद

चांदी की तस्करी में 2 गिरफ्तार:कार की डिक्की में बनाए चैंबर में छिपाई थी 1.76 करोड़ रुपए से ज्यादा की 243 किलो चांदी; छग-ओडिशा बॉर्डर पर धरे गए UP के 2 युवक

छत्तीसगढ़ के महासमुंद में पुलिस ने सोमवार को चांदी की तस्करी करते दो लोगों को पकड़ा है। पकड़े गए दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। यह लोग लग्जरी कार की डिक्की में बनाए गए चैंबर में चांदी भरकर ले जा रहे थे। तलाशी के दौरान पुलिस ने 243 किलो से ज्यादा चांदी के बिस्किट और गहने बरामद किए हैं। इनकी कीमत 1.76 करोड़ रुपए बताई जा रही है। आरोपियों के पास से करीब 2 करोड़ का सामान जब्त किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़-ओडिशा बार्डर पर सिंघोड़ा क्षेत्र के चेकपोस्ट रेहटीखोल के पास पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा के बरगढ़ की ओर से MP नंबर की एक सफेद रंग की लग्जरी कार आती दिखाई दी। इस पर पुलिसकर्मियों ने उसे रोक लिया। कार में दो लोग बैठे थे। नाम गौरव शल्या और संजय खान बताया। दोनों UP के फतेहाबाद के रहने वाले हैं। पूछताछ में ठीक से जवाब नहीं देने पर संदेह हुआ।

डिक्की के चैंबर से निकले चांदी की सिल्लियां और गहने
इसके बाद पुलिसकर्मियों ने डिक्की खुलवाकर देखा तो उसमें एक चैंबर बनाया गया था। सामान्य तौर पर वाहनों में ऐसा चैंबर नहीं होने पर उसे खुलवाकर चेक किया गया। उसमें से अलग-अलग आकार की 69 चांदी की सिल्लियां, जिसमें 13 बड़ी, 33 मध्यम और 23 छोटी थी। इनका वजन 235 किलो 600 ग्राम व कीमत करीब 1,70,45,000 रुपए, प्लास्टिक पाउच से 8 किलो वजन के चांदी के पायल व ब्रेसलेट 5.60 लाख रुपए और कैश 5,78,900 रुपए मिले।

ज्वैलर को बेचने की बात कही, पर कागज नहीं दिखा सके
पूछताछ में आरोपी गौरव शल्या ने बताया कि फतेहाबाद से 100 किलो चांदी के आभूषण लेकर बेचने ओडिशा गया था। वहां संबलपुर में बीजू ज्वेलरी शॉप में कुछ गहने बेचे थे। उसकी बिक्री से मिली रकम और चांदी की कच्ची सिल्लियां लेकर लौट रहे थे। हालांकि दोनों आरोपी इसको लेकर कोई भी वैधानिक दस्तावेज पेश नही कर पाए। इसके बाद पुलिस ने 1.76 करोड़ से ज्यादा की चांदी, कैश रकम, लग्जरी कार सहित 1,96,83,900 रुपए का सामान जब्त कर लिया।

लोचन चौधरी की रिपोर्ट

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button