छत्तीसगढ़

ग्राम पंचायत सिंघिया को मिली विकास की सौगात, तीन बड़े निर्माण कार्यों का भूमि पूजन संपन्न

जिला सावांददाता यशपाल सिंह

पोड़ी-उपरोड़ा (कोरबा), 18 अक्टूबर। विकास की मुख्यधारा से जुड़ने को तैयार ग्राम पंचायत सिंघिया में शनिवार को विकास कार्यों का शुभारंभ हुआ। पोड़ी-उपरोड़ा मण्डल अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत सिंघिया में विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह जी के मुख्य आतिथ्य में विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ।

जर्जर भवन की जगह बनेगा नया पंचायत भवन

ग्रामीणों की लंबे समय से मांग थी कि ग्राम पंचायत का पुराना भवन पूरी तरह से जर्जर हो चुका है, जैसा कि तस्वीरों में भी देखा जा सकता है। अब उसी स्थान पर नवीन ग्राम पंचायत भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही दो अन्य महत्वपूर्ण कार्यों – बार देव स्थल पर शेड निर्माण और मुक्तिधाम निर्माण का भी भूमि पूजन किया गया। इन तीनों कार्यों के पूरा होने से ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाओं में बड़ी राहत मिलेगी।

बाइक से किया गांव का दौरा, ग्रामीणों से जाना हाल

भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न होने के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह ने प्रोटोकॉल से अलग हटकर बाइक द्वारा पूरे ग्राम पंचायत सिंघिया का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर ग्रामीणों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और चल रहे अन्य विकास कार्यों का भी जायजा लिया। उनके इस सहज अंदाज को ग्रामीणों ने खूब सराहा।

इस अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डॉ. पवन कुमार सिंह ने कहा कि,
“गांव के विकास के लिए सारी सुविधाएं रहे, यह हमारी सरकार का ध्येय है। हमारी सरकार का लक्ष्य है कि गांव में शहर जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें, ताकि किसी भी ग्रामीण को परेशानी का सामना न करना पड़े। सिंघिया के विकास के लिए किसी भी प्रकार की राशि की कमी नहीं होने दी जाएगी।”

गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित

इस महत्वपूर्ण अवसर पर ग्राम पंचायत सिंघिया के सरपंच मनोज टेकाम, भारतीय जनता पार्टी के पूर्व मंडल मंत्री उमेश डिक्सेना, अनुसूचित जनजाति मोर्चा पोड़ी-उपरोड़ा के मंडल अध्यक्ष संतोष कुमार कंवर, मोर्चा के उपाध्यक्ष सुरेश कुमार तंवर, रोजगार सहायक मदन शांडिल्य, सुरेंद्र जायसवाल, महेंद्र जायसवाल, आशीष मरकाम सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं भारी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सरपंच मनोज टेकाम ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

Related Articles