Blog

बैरसिया में कृषि अधिकारियों ने खेतों में पहुंचकर जाना फसलों का हाल, किसानों को दिए उन्नत खेती के टिप्स

खरीफ सीजन की स्थिति का लिया जायजा, रबी की तैयारियों पर की चर्चा; संतुलित खाद-बीज के उपयोग और वैज्ञानिक पद्धति अपनाने की दी सलाह

रिपोर्टर विनय पटेल

बैरसिया।विकासखंड बैरसिया में खरीफ सीजन की फसलों की स्थिति का जायजा लेने और आगामी रबी सीजन की तैयारियों को लेकर कृषि विभाग के अधिकारियों ने क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उप संचालक कृषि भोपाल श्रीमती सुमन प्रसाद एवं परियोजना संचालक (आत्मा) भोपाल श्रीमती रश्मि प्रचण्ड ने ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर किसानों से सीधा संवाद किया। अधिकारियों ने किसानों की समस्याएं सुनीं और बेहतर उत्पादन के लिए उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने की सलाह दी।

किसानों से चर्चा कर जानी खेती की समस्याएं

क्षेत्र भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने किसानों से खेती-किसानी से जुड़ी समस्याओं, आवश्यकताओं और फसलों की मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने किसानों को उर्वरकों का संतुलित मात्रा में उपयोग करने, बीज की उचित मात्रा रखने, उन्नत किस्मों का चयन करने और नवीन कृषि तकनीकों को अपनाने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। अधिकारियों ने कहा कि वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने और उपलब्ध संसाधनों का सही उपयोग करने से कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि की जा सकती है।

रबी सीजन की तैयारी पर दिया जोर

अधिकारियों ने किसानों को आगामी रबी सीजन की तैयारियां समय पर शुरू करने और फसल उत्पादन की बेहतर योजना बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके निराकरण के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया। भ्रमण का उद्देश्य किसानों को खेती की आधुनिक तकनीकों से जोड़ना और कृषि संबंधी समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना रहा।

मैदानी अमले को किसानों से लगातार संपर्क रखने के निर्देश

भ्रमण के दौरान कृषि विभाग के मैदानी अमले की कार्यप्रणाली एवं सहभागिता की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि मैदानी कर्मचारी नियमित रूप से किसानों के संपर्क में रहें और उन्हें समय पर तकनीकी सलाह एवं कृषि संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराएं। साथ ही किसानों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करते हुए उन्हें बेहतर उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।
ये अधिकारी रहे मौजूद
क्षेत्र भ्रमण के दौरान वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एस.आर. आर्या, कृषि विस्तार अधिकारी लक्ष्मण गुर्जर, विकास शाक्य एवं सौरभ धाकड़ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles