कोरबा

साइबर अपराध के खिलाफ हरदी बाजार पुलिस की बड़ी पहल, देव माइनिंग पहुंचकर ठेका श्रमिकों को किया जागरूक*


संवाददाता मोहन चौहान लाइव भारत 36 न्यूज़


कोरबा । गेवरा प्रोजेक्ट में ओबी (Overburden) हटाने तथा कोयला उत्पादन कार्य में लगी देव माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड में शनिवार को हरदी बाजार पुलिस द्वारा साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कंपनी के ठेका श्रमिकों एवं कर्मचारियों को साइबर अपराध से जुड़े विभिन्न मामलों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।


कार्यक्रम में एएसआई कृष्णपाल कंवर, पीएसआई नकुल जारिया एवं आरक्षक साहू सहित पुलिस टीम ने अनजान लिंक, APK फाइल, फर्जी कॉल, WhatsApp वीडियो कॉल, OTP एवं पासवर्ड साझा करने से बचने की समझाइश दी। पुलिस ने सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचने तथा किसी भी संदिग्ध लिंक या ऐप को डाउनलोड करने से पहले उसकी सत्यता जांचने की सलाह दी।

पुलिस टीम ने साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 पर संपर्क करने तथा cybercrime.gov.in के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी।

इस अवसर पर देव माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड के GM अमरजीत सिंह से भी चर्चा हुई। उन्होंने कर्मचारियों एवं ठेका श्रमिकों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक किए जाने को महत्वपूर्ण पहल बताते हुए हरदी बाजार पुलिस के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूक रहना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।

कंपनी प्रबंधन की ओर से भी पुलिस टीम द्वारा आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम को कर्मचारियों के हित में उपयोगी पहल बताया गया। कार्यक्रम में मौजूद ठेका श्रमिकों एवं कर्मचारियों ने पुलिस द्वारा दी गई महत्वपूर्ण जानकारियों को गंभीरता से सुना।

हरदी बाजार पुलिस की यह पहल कार्यस्थल तक पहुंचकर साइबर अपराध के प्रति जागरूकता फैलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रही।

Related Articles