Blog

मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में नहीं पहुंचे कई विभागों के अधिकारी


रिपोर्टर विनय पटेल

बैरसिया। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत मंगलवार को ग्राम पंचायत मेंगरा कलां में आयोजित शिविर में कई विभाग के कर्मचारी शिविर से नदारद रहे जिससे ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली।
ग्रामीणों का आरोप है कि शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे, जबकि सहकारिता, कृषि, बिजली एवं स्वराज विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी शिविर से नदारद रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रामीण सुबह करीब 11 बजे आधार कार्ड, समग्र आईडी सहित आवश्यक दस्तावेज लेकर पंचायत भवन पहुंचे थे। उन्हें उम्मीद थी कि शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित कार्य होंगे, लेकिन संबंधित विभागों के कर्मचारी मौजूद नहीं होने से कई किसानों को निराश होकर घर लौटना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि सहकारिता विभाग से जुड़े सदस्यता अभियान तथा कृषि, बिजली एवं स्वराज विभाग से संबंधित फार्मर आईडी जैसे कार्य शिविर में नहीं हो सके। ग्रामीण ने बताया कि वे करीब दो घंटे से संबंधित कर्मचारियों का इंतजार कर रहे थे, लेकिन कोई नहीं पहुंचा।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं कलेक्टर भोपाल से मामले का संज्ञान लेकर सभी संबंधित विभागों की शिविर में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर उचित कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles