Blog

बलौदाबाजार जिले के पलारी में फर्जी ट्रांसफर आदेश मामले में चार आरोपी गिरफ्तार

रायपुर संभाग

धीरेन्द्र साहू

जेल जाने की बारी आई तो बिगड़ी तबीयत

फर्जी ट्रांसफर आदेश में आरोपी डॉक्टर अस्पताल में भर्ती, मेडिकल रिपोर्ट पर चर्चा तेज

रायपुर संभाग के बलौदाबाजार भाटापारा जिले के पलारी थाना क्षेत्र में सामने आए फर्जी स्थानांतरण आदेश मामले में गिरफ्तार आरोपियों की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। लेकिन जेल जाने की बारी आई तो मामले में गिरफ्तार दो डॉक्टरों का पेट अचानक जवाब देने लगा।

मेडिकल जांच के दौरान दो डॉक्टरों की बिगड़ी तबीयत

मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें डॉक्टर करण देवांगन और डॉक्टर राजेश सेन भी शामिल हैं। गिरफ्तारी के बाद जब दोनों आरोपियों को मुलाहिजा और मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया, तो दोनों ने पेट दर्द और दस्त की शिकायत शुरू कर दी। मेडिकल जांच के बाद दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।

आरोपियों की तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती

अब शहर में इस मेडिकल ‘सहानुभूति’ को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। आमतौर पर पुलिस कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों की मेडिकल जांच के बाद उन्हें सामान्य स्थिति में जेल भेज दिया जाता है, लेकिन इस मामले में डॉक्टर खुद मरीज बन गए और अस्पताल का बिस्तर जेल की सलाखों से फिलहाल सुरक्षित ठिकाना नजर आने लगा।

बीमारी की गंभीरता और प्रक्रिया में देरी पर सवाल

हालांकि, आरोपियों की बीमारी को लेकर कोई अंतिम टिप्पणी करना उचित नहीं होगा, क्योंकि अस्पताल में भर्ती करने का निर्णय चिकित्सकीय जांच के आधार पर लिया गया है। लेकिन सवाल जरूर उठ रहा है कि, गिरफ्तारी के बाद अचानक सामने आई बीमारी कितनी गंभीर थी और क्या इसके कारण न्यायिक प्रक्रिया में देरी हुई?

फर्जी ट्रांसफर आदेश मामले में कार्रवाई जारी

इस मामले में जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा ने बताया कि, पलारी अस्पताल से प्राप्त मेडिकल रिपोर्ट और चिकित्सकीय जांच के आधार पर दोनों आरोपियों को भर्ती किया गया है उन्होंने कहा कि, अब उनकी स्थिति ठीक है और उन्हें वापस कोर्ट में पेश किया जा सकता है। फिलहाल, फर्जी ट्रांसफर आदेश मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने एक सवाल जरूर छोड़ दिया है। आरोपी डॉक्टर थे, इसलिए बीमारी भी कुछ ‘खास’ निकली या जेल का नाम सुनते ही पेट ने अपनी ड्यूटी शुरू कर दी।

Related Articles