संसद में भगवा वस्त्र और राम मंदिर दान पर कथित टिप्पणी से आक्रोश

:
राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, धार्मिक प्रतीकों के सम्मान और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग

रिपोर्टर विनय पटेल
बैरसिया।।संसद परिसर में 31 जुलाई को हुए एक सार्वजनिक राजनीतिक प्रदर्शन के दौरान भगवा वस्त्र, संत परंपरा, भगवान श्रीराम मंदिर और श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित दान को लेकर कथित टिप्पणी का मामला अब बैरसिया में भी तूल पकड़ता नजर आ रहा है। कथित टिप्पणी को लेकर हिंदू समाज और संत परंपरा से जुड़े लोगों में नाराजगी जताई गई।
हरसिद्धि मंदिर तारबली के महंत गुलाब गिर महाराज के नेतृत्व में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, हिंदू उत्सव समिति सहित नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के महिला-पुरुषों ने सांवलिया मंदिर से रैली निकाली। रैली आंबेडकर पार्क के सामने पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव का पुतला फूंका और विरोध में नारे लगाए।
इसके बाद प्रदर्शनकारी तहसील कार्यालय पहुंचे और एसडीएम बैरसिया के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में धार्मिक प्रतीकों, संत परंपरा और सनातन आस्था से जुड़े विषयों को राजनीतिक प्रदर्शन का माध्यम बनाते समय मर्यादा और संवेदनशीलता बनाए रखने की मांग की गई।
धार्मिक प्रतीकों के सम्मान की गारंटी की मांग
ज्ञापन में कहा गया कि सनातन धर्म, संत समाज और श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े प्रतीकों के कथित अपमान की निष्पक्ष जांच कराई जाए। दोष सिद्ध होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही धार्मिक प्रतीकों और आस्था से जुड़े विषयों के सम्मान की गारंटी सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कानूनी प्रावधान किए जाने की मांग भी उठाई गई।
राम मंदिर के दान को लेकर कथित उपहास का आरोप
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि संसद परिसर में हुए प्रदर्शन के दौरान हिंदू संत परंपरा, भगवान श्रीराम मंदिर और श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित पवित्र दान को लेकर कथित तौर पर उपहास किया गया। ज्ञापन में उपलब्ध वीडियो सामग्री और विभिन्न मीडिया व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित सामग्री का हवाला देते हुए मामले की जांच की मांग की गई है।
शिकायतकर्ताओं ने इसे करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं से जुड़ा विषय बताते हुए कहा कि धार्मिक आस्था के प्रतीकों को राजनीतिक विरोध-प्रदर्शन का हिस्सा बनाते समय मर्यादा का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
थाने में एफआईआर के लिए भी दिया आवेदन
इसी मामले में भाजपा महिला मोर्चा की जिला ग्रामीण अध्यक्ष श्रीमती नम्रता शर्मा की ओर से थाना प्रभारी बैरसिया को आवेदन देकर प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने और वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है। आवेदन में 31 जुलाई 2026 को संसद परिसर में हुए प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए मामले की जांच और दोष सिद्ध होने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।
बड़ी संख्या में महिला-पुरुष रहे मौजूद
प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान हरसिद्धि मंदिर के महंत गुलाब गिर महाराज, समाजसेवी , संत समाज ,हिंदू उत्सव समिति सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि धार्मिक आस्था और सनातन परंपरा से जुड़े मामलों में प्रशासन निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि भविष्य में किसी भी धार्मिक प्रतीक या संत परंपरा को लेकर कथित आपत्तिजनक प्रदर्शन की पुनरावृत्ति न हो।



