छत्तीसगढ़

चारामा पुलिस ने सूने मकान में हुई लाखों की चोरी का किया खुलासा, पड़ोसी आरोपी गिरफ्तार


चारामा,  चारामा पुलिस ने सूने मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी करते हुए घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन एवं चोरी के औजार भी जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी मोहसीन खान के पर्यवेक्षण में थाना चारामा पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
प्रार्थी पंकज मेश्राम ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 जुलाई को परिवार सहित बाहर जाने के दौरान उनके घर में चोरी हो गई। 17 जुलाई को लौटने पर आलमारी का ताला टूटा मिला और सोने-चांदी के आभूषण तथा नगदी सहित लगभग ₹8.45 लाख की संपत्ति चोरी हो चुकी थी।
जांच के दौरान पुलिस ने 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर वार्ड क्रमांक 02 निवासी पवन सोनकर (25 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने चोरी करना स्वीकार करते हुए बताया कि उसने निजी आर्थिक आवश्यकता पूरी करने के उद्देश्य से वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा लोहे का पलटा, पेचकस, प्लास और आरी सहित अन्य औजार बरामद किए। बरामद संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य लगभग ₹8 लाख है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार राठौर के नेतृत्व में थाना चारामा एवं साइबर सेल कांकेर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी और चोरी गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा पूरी टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Related Articles