बैरसिया विधानसभा के नागरिक मूलभूत सुविधाओं से वंचित, जनाक्रोश बढ़ा

स्वास्थ्य, बिजली, राजस्व और पशु चिकित्सा व्यवस्था पर उठे सवाल; ग्रामीणों ने प्रशासन से की तत्काल समाधान की मांग
रिपोर्टर विनय पटेल
। बैरसिया विधानसभा क्षेत्र के नागरिक लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति, बार-बार होने वाली बिजली कटौती, राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर शिकायतें तथा पशु चिकित्सा सुविधाओं की कमी के कारण आमजन और किसानों में भारी असंतोष देखा जा रहा है। स्थानीय लोग क्षेत्र की स्थिति की तुलना भारतेंदु हरिश्चंद्र के प्रसिद्ध कथन “अंधेर नगरी चौपट राजा, टके सेर भाजी टके सेर खाजा” से कर रहे हैं।

स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल
क्षेत्रवासियों का कहना है कि सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी, आवश्यक दवाओं और मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। कई बार डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण मरीजों को निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
बिजली कटौती से जनजीवन प्रभावित
बैरसिया एवं विशेषकर ललरिया डीसी एवं मेंगरा कलाँ जोड़ सब स्टेशन ,गुनगा क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से आम नागरिक, किसान, विद्यार्थी और व्यापारी परेशान हैं। बार-बार फॉल्ट और ट्रिपिंग की समस्या से बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। समय पर विद्युत लाइनों के रखरखाव और पेड़ों की छंटाई नहीं होने के कारण हल्की बारिश या तेज हवा में भी बिजली गुल हो जाती है। भीषण गर्मी और उमस के बीच लंबे समय तक बिजली बंद रहने से लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं।
पशुपालकों को नहीं मिल रहीं पर्याप्त सुविधाएं
ग्रामीण क्षेत्रों में पशु चिकित्सालयों की सीमित पहुंच तथा समय पर चिकित्सकों की उपलब्धता नहीं होने से पशुपालकों को अपने पशुओं के उपचार में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल
किसानों ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे कार्यों के लिए महीनों तक कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। किसानों का यह भी कहना है कि ऑनलाइन भू-अभिलेखों में कई बार पुश्तैनी जमीन की गलत प्रविष्टियां हो जाती हैं, जिन्हें सुधारने में अनावश्यक विलंब होता है। वहीं प्राकृतिक आपदाओं के बाद फसल क्षति सर्वे में लापरवाही के कारण कई किसानों को समय पर उचित मुआवजा नहीं मिल पाता।
ग्रामीणों की मांग
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से स्वास्थ्य, बिजली, राजस्व तथा पशु चिकित्सा सेवाओं में तत्काल सुधार की मांग की है। उनका कहना है कि यदि मूलभूत समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो जनआक्रोश और बढ़ सकता है। नागरिकों का आग्रह है कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए, ताकि बैरसिया विधानसभा के लोगों को आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध हो सकें।




