Blog

रलिया में प्रथम वर्ष क्रिकेट प्रतियोगिता का शानदार समापन, अंडीकछार बनी विजेता तो मेजबान रलिया को मिला उपविजेता का खिताब

संवाददाता मोहन चौहान लाइव भारत 36 न्यूज

कोरबा। कोरबा जिले के जनपद पंचायत कटघोरा अंतर्गत ग्राम पंचायत रलिया के भुलसीपहरी अंबेडकर पारा में आयोजित प्रथम वर्ष पंचायत स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता 2026-27 का समापन 2 नवंबर को रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। खिताबी मुकाबले में रलिया और अंडीकछार की टीमें आमने-सामने रहीं, जिसमें अंडीकछार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं प्रतियोगिता की मेजबान रलिया की टीम उपविजेता रही।

जानकारी के अनुसार प्रतियोगिता का शुभारंभ 18 अक्टूबर 2026 को हुआ था। इस प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया। अलग-अलग टीमों के बीच हुए मुकाबलों के बाद रलिया और अंडीकछार की टीमों ने फाइनल में जगह बनाई। 2 नवंबर को खेले गए निर्णायक मुकाबले में अंडीकछार ने बाजी मारते हुए प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।

आयोजन समिति द्वारा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए आकर्षक पुरस्कार निर्धारित किए गए थे। इसमें विजेता टीम के लिए 15,001 रुपये तथा उपविजेता टीम के लिए 7,001 रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई थी।

इस प्रतियोगिता का आयोजन भुलसीपहरी अंबेडकर पारा रलिया समिति के तत्वावधान में किया गया। आयोजक समिति की यह पहल निश्चित रूप से सराहनीय रही, जिसने ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध कराया। सीमित ग्रामीण संसाधनों के बीच इस तरह की प्रतियोगिता का आयोजन करना और 16 टीमों को एक साथ जोड़कर खेल का माहौल तैयार करना आयोजकों की खेल के प्रति लगन, मेहनत और सकारात्मक सोच को दर्शाता है। समिति ने केवल क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित नहीं की, बल्कि ग्रामीण युवाओं को आगे बढ़ने, अपनी प्रतिभा निखारने और आपसी भाईचारे के साथ खेल भावना को मजबूत करने का अवसर भी प्रदान किया।

वही मुख्य अतिथि के रूप में सरपंच रलिया विष्णु कुमार बिंझवार, भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश राठौर, जनपद सदस्य नेहा राजेंद्र कुमार सिंह, उपसरपंच प्रदीप कुमार राठौर तथा विधायक प्रतिनिधि मुकेश राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के नाम शामिल थे।

ग्रामीण अंचलों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की। रलिया में आयोजित इस प्रतियोगिता ने एक बार फिर साबित किया कि स्थानीय स्तर पर युवाओं को अवसर देने के लिए समाज और आयोजन समितियां महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। ऐसे आयोजन आगे भी निरंतर होते रहें, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा के दम पर नई पहचान बना सकें।

Related Articles