Blogकांकेर

“साइबर ठगी से बचने के गुर सिखाए: गोलकुम्हड़ा स्कूल में चारामा पुलिस ने किया जागरूकता कार्यक्रम”

लाइव भारत 36न्यूज़ से स्थानीय संपादक टिकेश्वर देवांगन

चारामा/कांकेर 24 जुलाई 2026 । पुलिस थाना चारामा टीम के द्वारा शासकीय हाईयर सेकेंडरी स्कूल गोलकुम्हड़ा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, नशामुक्ति, यातायात नियम, महिला सुरक्षा तथा करियर मार्गदर्शन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि वर्तमान समय में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा कॉल, संदेश या लिंक भेजकर बैंक खाता, एटीएम, आधार, ओटीपी, यूपीआई पिन अथवा अन्य निजी जानकारी मांगने पर उसे साझा न करें। किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें तथा क्विक सपोर्ट, एनीडेस्क और टीम व्यूअर जैसे थर्ड पार्टी मोबाइल एप्लीकेशन किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपने मोबाइल में इंस्टॉल न करें। पुलिस ने विद्यार्थियों को डिजिटल अरेस्ट, शेयर बाजार एवं निवेश के नाम पर ठगी, केवाईसी अपडेट, लोन, बिजली बिल, लॉटरी, केबीसी, फर्जी कस्टमर केयर, ऑनलाइन खरीदारी, क्यूआर कोड, ब्लैकमेलिंग, वीडियो कॉल फ्रॉड, घर बैठे काम दिलाने के नाम पर ठगी तथा सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों के बारे में जानकारी देते हुए इनसे बचाव के उपाय बताए।

अधिकारियों ने विद्यार्थियों को अपने सोशल मीडिया खातों में दो-स्तरीय सुरक्षा सत्यापन का उपयोग करने, अनावश्यक निजी जानकारी सार्वजनिक न करने तथा किसी भी भ्रामक या सांप्रदायिक पोस्ट को बिना सत्यापन के साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर अपराध का शिकार हो जाए तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने, यातायात नियमों का पालन करने, महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा अपने लक्ष्य के अनुरूप करियर का चयन करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अनुशासित, जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles