मुर्गों की लड़ाई में सट्टे का खेल:पुलिस पहुंची तो मैदान में मच गई भगदड़, दौड़ाकर 6 जुआरियों को पकड़ा, उनके साथ 2 मुर्गे भी पहुंच गए लॉकअप में
बालोद:- छत्तीसगढ़ के बालोद में पुलिस ने रविवार को मुर्गा लड़ाई में सट्टा खिलवाते 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी डैम के पास मैदान में सट्टा खिलवा रहे थे। पुलिस ने छापा मारा तो वहां भगदड़ मच गई। इस दौरान आरोपी दो मुर्गों के साथ पुलिस के हत्थे चढ़ गए। इसके बाद पुलिस ने मुर्गों को भी लॉकअप में डाल दिया। हालांकि बाद में आरोपियों की जमानत होने पर मुर्गे उनके मालिकों को सौंप दिए गए हैं। मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली कि कोरगुड़ा गांव के गोंदली डैम के किनारे मुर्गा की लड़ाई पर सट्टा खिलवाया जा रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो मैदान में करीब 100 से ज्यादा लोग हार-जीत का दांव लगा रहे थे। पुलिस ने मैदान की घेराबंदी शुरू की, लेकिन इससे पहले ही वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। इस दौरान पुलिस ने मुर्गे लेकर भाग रहे लोगों सहित कुछ अन्य को पकड़ लिया और थाने लेकर पहुंचे।
पकड़े गए सभी आरोपियों को जमानत पर छोड़ा गया
थाना प्रभारी जीएस ठाकुर ने बताया कि जुआ, सट्टा पर कार्रवाई के निर्देश है। पिछले एक महीने से सूचना मिल रही थी कि गोंदली डैम के किनारे कुछ लोग मुर्गा लड़ाते हैं और दांव लगाकर जुआ खिलवा रहे हैं। इस पर टीम ने छापा मारकर आसपास के गावां में रहने वाले अश्वनी कुमार, प्रकाश कुमार, लोमेश कुमार, ललित कुमार, दीपक कुमार केवट और देव प्रसाद खड़हा को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों को शाम को जमानत दे दी गई।
लाइव भारत 36 न्यूज़
संभागीय ब्युरो
विकास जैन मित्तल