डुंगरिया के जनविश्वास शिविर में बांटे योजनाओं के हितलाभ

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने बैरसिया का किया दौरा
रिपोर्टर विनय पटेल

बैरसिया की बढ़ती आबादी को देखते हुए आने वाले वर्षों में पेयजल की जरूरतों का अभी से आकलन किया जाएगा। वहीं, बिरहाई जलाशय की जैव विविधता का पंजीयन कर यहां आने वाले प्रवासी पक्षियों का व्यवस्थित सर्वेक्षण भी कराया जाएगा। शुक्रवार को बैरसिया तहसील के भ्रमण पर पहुंचे कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने अधिकारियों को ये निर्देश दिए। उन्होंने डुंगरिया में आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शिविर में हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितलाभ भी वितरित किए।
भविष्य की जरूरतों के हिसाब से बनेगी जलापूर्ति योजना
कलेक्टर ने बिरहाई जलाशय का निरीक्षण कर उसकी जल भंडारण क्षमता और उपयोग की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में संभावित जनसंख्या वृद्धि को ध्यान में रखते हुए भविष्य की जल मांग का आकलन किया जाए, ताकि लोगों को निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित हो सके। जलाशय की प्राकृतिक संपदा को संरक्षित करने के लिए जैव विविधता का रिकॉर्ड तैयार करने और प्रवासी पक्षियों के सर्वेक्षण के भी निर्देश दिए।
40 प्रतिशत अनुदान से किसान ने शुरू किया कृषि यंत्रों का केंद्र
ग्राम कुल्हौर में कलेक्टर ने किसान लोकेश साहू के कस्टम हायरिंग केंद्र का अवलोकन किया। साहू ने बताया कि योजना के तहत मिले 40 प्रतिशत शासकीय अनुदान से कृषि यंत्रों का केंद्र स्थापित करने में मदद मिली। इससे किसानों को यंत्र उपलब्ध कराने के साथ उनकी खुद की बचत में भी इजाफा हुआ है। वहीं, गरेठिया दुग्ध समिति के सचिव गोविंद सिंह ने बताया कि समिति से 52 दुग्ध उत्पादक जुड़े हैं और सभी पात्र सदस्यों के किसान क्रेडिट कार्ड बन चुके हैं।
समूह से जुड़ीं तो बढ़ा आत्मविश्वास, अब हर महीने 10 हजार की बचत
डुंगरिया के मड़ माताजी मंदिर परिसर में आयोजित शिविर में कलेक्टर ने कहा कि जनविश्वास अभियान का उद्देश्य प्रशासन और आम नागरिकों के बीच भरोसे को मजबूत करना है। ग्रामीण महिलाओं का स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनना ग्रामीण विकास की बड़ी उपलब्धि है।
शिविर में बैंक सखी रेखा राजपूत ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि समूह से जुड़ने के बाद उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और अब वे हर महीने 10 हजार रुपए तक की बचत कर रही हैं। वहीं, तुलसा बाई ने बताया कि समूह से मिली आर्थिक मदद से उन्होंने सुपारी काटने और दोना-पत्तल बनाने की मशीनें खरीदीं। इन मशीनों के जरिए वे अपना स्वरोजगार चला रही हैं।
बाल विवाह रोकने की दिलाई शपथ, साइबर ठगी पर 1930 पर दें सूचना
कलेक्टर ने ग्रामीणों से जीवन बीमा कराने, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और नशामुक्ति का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को बाल विवाह रोकने तथा इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने की शपथ भी दिलाई।
पुलिस अधीक्षक (देहात) पंकज पांडेय ने ग्राम सुरक्षा समितियों का पुनर्गठन कर उन्हें सक्रिय बनाने और पुलिस के साथ नियमित समन्वय रखने पर जोर दिया। उन्होंने साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना देने की अपील की। साथ ही क्षेत्र के वेयरहाउस और व्यावसायिक भवनों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए।
शिविर में मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और पीएम स्वनिधि योजना के पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए। कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट, जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी, एसपी देहात पंकज पांडेय, एसडीएम शिवांगी बघेल,जनपद सीईओ देवेश सराठे ,सरपंच गंगाराम प्रजापति सहित विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




