सक्ति

टीबी मुक्त भारत अभियान के लिए जोश द टीम का शुभारंभ


जनभागीदारी से ही टीबी मुक्त भारत का संकल्प होगा

लाइव भारत 36न्यूज़ से जिला रिपोर्टर

साकार — अधिवक्ता चितरंजय पटेल
सक्ती। टीबी मुक्त भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने एवं क्षय रोग के प्रति व्यापक जनजागरूकता लाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अभियान की अब तक की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से मंथन किया गया। इसी दौरान अभियान को और प्रभावी एवं जनव्यापी बनाने के उद्देश्य से ‘जोश द टीम’ का शुभारंभ किया गया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर कलेक्टर के.एस. पैंकरा ने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि अधिक से अधिक लोगों को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना भी है। उन्होंने अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं एवं टीम के सदस्यों से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उत्कृष्ट समाजसेवी एवं उच्च न्यायालय अधिवक्ता चितरंजय पटेल ने कहा कि किसी भी अभियान की सफलता के लिए जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। इसी उद्देश्य से रक्षा, युवा एवं स्वास्थ्य मंत्रालय से जुड़े विभागों के समन्वय से एनसीसी, माय भारत (एनएसएस) एवं स्वास्थ्य कर्मियों की संयुक्त टीम ‘जोश’ का शुभारंभ किया गया है। यह टीम युवाओं की ऊर्जा एवं सामाजिक सहभागिता के माध्यम से टीबी उन्मूलन अभियान को नई गति प्रदान करेगी।
जिला पंचायत सभापति आयुष शर्मा ने कहा कि आजादी के समय टीबी के कारण देश के अनेक प्रभावशाली लोगों की भी मृत्यु हुई थी। वर्तमान में प्रधानमंत्री द्वारा देश को क्षय रोग मुक्त बनाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें स्वास्थ्य कर्मियों के साथ आमजन की सक्रिय सहभागिता जरूरी है।
मुख्य जिला एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पूजा अग्रवाल ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और भागीदारी इस अभियान को नई दिशा दे सकती है। युवाओं के माध्यम से टीबी मुक्त भारत का संदेश समाज के बड़े वर्ग तक तेजी से पहुंचाया जा सकता है।
वहीं शक्ति जिला अभियान प्रभारी डॉ. विकास गबेल ने डिजिटल माध्यम से अभियान को प्रभावी बनाने के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना की जानकारी दी तथा सभी से सहयोग की अपेक्षा की।
कार्यक्रम का संचालन देवाशीष बनर्जी ने किया तथा जिला परियोजना प्रबंधक कीर्ति बड़ा ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान टीबी मुक्त अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सरपंचों को अतिथियों द्वारा शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर के.एस. पैंकरा ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं अभियान से जुड़े सदस्यों को टीबी मुक्त भारत अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने, जागरूकता गतिविधियों को गति देने तथा ‘जोश द टीम’ के माध्यम से सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में नगर पालिका सक्ती के उपाध्यक्ष भारत यादव, भाजपा नेता भोजराम साहू, गोविंद देवांगन, मनोज सोनी सहित जनप्रतिनिधि, पंचायतों के सरपंच-सचिव तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles