Blog

पनिया ग्राम में विधायक विष्णु खत्री ने दी ₹16 लाख के विकास कार्यों की सौगात, जनचौपाल में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं


रिपोर्टर विनय पटेल
बैरसिया। बैरसिया विधायक विष्णु खत्री ने गुरुवार को ग्राम पंचायत जमूसर कलाँ के पनिया का दौरा कर जनचौपाल लगाई। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणजनों से आत्मीय भेंट कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को जाना। ग्रामीणों द्वारा किए गए स्नेहिल स्वागत एवं आत्मीय सम्मान के लिए विधायक ने हृदय से आभार व्यक्त किया।
विधायक खत्री ने कहा कि पनिया ग्राम के विकास को लेकर पहले भी निरंतर प्रयास किए गए हैं और कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को धरातल पर उतारा गया है। ग्राम के विकास और शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से उन्होंने विद्यालय के अतिरिक्त कक्ष निर्माण हेतु 15 लाख रुपये तथा गांव में चबूतरे के निर्माण हेतु 1 लाख रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि बैरसिया विधानसभा का प्रत्येक गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़े। शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में निरंतर प्रगति हो, इसके लिए वे प्रतिबद्ध हैं। आने वाले समय में पनिया सहित क्षेत्र के सभी गांवों में और भी विकास कार्य कराए जाएंगे।

गौरतलब है कि विधायक विष्णु खत्री द्वारा बैरसिया विधानसभा क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इससे पूर्व भी उन्होंने क्षेत्र के कई गांवों में सड़क, नाली, स्कूल भवन, आंगनबाड़ी, सामुदायिक भवन सहित लाखों रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी है। शिक्षा के क्षेत्र में विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने कई विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षों एवं अन्य सुविधाओं के लिए राशि स्वीकृत कराई है।

इस अवसर पर एसडीएम बैरसिया शिवांगी बघेल, जनपद पंचायत सीईओ देवेश सराठे, ग्राम पंचायत सरपंच प्रतिनिधि हरि सिंह मीणा, भाजपा मंडल अध्यक्ष, महामंत्री सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने विकास कार्यों की सौगात के लिए विधायक का आभार जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में गांव निरंतर प्रगति कर रहा है।

Related Articles