चेतन भार्गव के नेतृत्व में 250 श्रद्धालु कावड़ यात्रा के लिए नर्मदापुरम रवाना

रिपोर्टर विनय पटेल
बैरसिया। सेवा का संकल्प जनकल्याण समिति के तत्वावधान में निकाली जा रही बाबा बटेश्वर कावड़ यात्रा में शामिल होने के लिए बैरसिया क्षेत्र से 250 श्रद्धालु शुक्रवार को नर्मदापुरम के लिए रवाना हुए।

यह कावड़ यात्रा मां नर्मदा नदी के तट नर्मदापुरम (होशंगाबाद) से प्रारंभ होकर बटेश्वर महादेव मंदिर, पुराना भोपाल तक जाएगी। श्रद्धालु नर्मदा तट से जल लेकर बटेश्वर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे।
शुक्रवार को बसों से रवाना होने के दौरान श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखा गया। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए श्रद्धालु नर्मदा तट के लिए रवाना हुए।
बताया गया कि इस कावड़ यात्रा में बैरसिया सहित कई जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। यात्रा का नेतृत्व चेतन भार्गव कर रहे हैं।




