Blog

किसानों की ज्वलंत समस्याओं पर भारतीय किसान संघ की पहलसंभाग आयुक्त से हुई सार्थक चर्चा, समाधान के लिए बनेगा ठोस रोडमैप


लाइव भारत प्रतिनिधि बैरसिया
भोपाल, 27 जुलाई 2026। किसानों की समस्याओं के स्थायी समाधान और कृषि व्यवस्था को अधिक सुगम एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में भारतीय किसान संघ ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आज संभाग आयुक्त से विस्तृत चर्चा की। संभागीय बैठक में किसानों से जुड़े अनेक ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया, जिस पर प्रशासन ने गंभीरता के साथ सकारात्मक आश्वासन दिया।
बैठक में भारतीय किसान संघ ने ई-टोकन व्यवस्था में फिंगरप्रिंट सत्यापन के कारण किसानों को हो रही कठिनाइयों का विषय प्रमुखता से रखते हुए ओटीपी आधारित वैकल्पिक व्यवस्था लागू करने की मांग की। साथ ही सीमांकन, बंटवारा, नामांतरण, राजस्व अभिलेखों एवं नक्शों की विसंगतियों के कारण किसानों को होने वाली परेशानियों के त्वरित निराकरण की आवश्यकता पर बल दिया गया।
इसके अतिरिक्त कृषि उपज मंडियों की व्यवस्थाओं में सुधार, वर्ष 2025-26 की फसल बीमा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, किसानों को प्रतिदिन कम से कम 10 घंटे गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा खाद वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने,संभाग में 100 प्रतिशत मूंग खरीदी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
संभाग आयुक्त ने भारतीय किसान संघ द्वारा प्रस्तुत सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि किसानों के हितों से जुड़े प्रत्येक विषय पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों के समन्वय से समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए एक प्रभावी एवं समयबद्ध रोडमैप तैयार करने तथा आवश्यक कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ करने की बात कही।
बैठक में भारतीय किसान संघ के संभाग अध्यक्ष विशन सिंह, संभाग मंत्री वेद प्रकाश दांगी, रायसेन जिला अध्यक्ष केशर सिंह, विदिशा जिला अध्यक्ष प्रशांत जैन, सीहोर जिला अध्यक्ष राकेश वर्मा, भोपाल जिला अध्यक्ष गिरवर सिंह राजपूत एवं भोपाल महानगर अध्यक्ष डॉ. अश्वनी मेहर सहित संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
भारतीय किसान संघ ने स्पष्ट किया कि किसानों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए संगठन निरंतर प्रशासन के साथ संवाद बनाए रखेगा तथा किसानों की प्रत्येक समस्या के स्थायी समाधान तक अपने प्रयास पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रखेगा।

Related Articles