भारतीय किसान संघ ने मनाई बलराम जयंती

भगवान बलराम के कृषि, गोपालन एवं जैविक खेती संबंधी संदेशों को किया याद
संवाददाता विनय पटेल
भोपाल, 13 सितंबर 2026। भारतीय किसान संघ जिला इकाई द्वारा प्रदेश कार्यालय में भगवान बलराम जयंती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र ने भगवान बलराम के जीवन, कृषि के प्रति उनके समर्पण तथा उनके प्रेरणादायी विचारों पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि भगवान बलराम केवल महान योद्धा ही नहीं, बल्कि कृषि, गोपालन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पित व्यक्तित्व थे। उन्होंने अपने समय में कृषि उपज का प्रसंस्करण कर उसका उपयोग एवं विपणन करने, गोपालन को बढ़ावा देने तथा जैविक खेती अपनाने का संदेश दिया था। भगवान बलराम का जीवन किसानों को कृषि के प्रति सम्मान, प्रकृति के संरक्षण और स्वावलंबन की प्रेरणा देता है।

भारतीय किसान संघ किसानों के हितों, कृषि संस्कृति, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा स्वावलंबी एवं समृद्ध कृषि व्यवस्था के लिए कार्य करने वाला संगठन है। संगठन किसानों को संगठित कर उनकी समस्याओं के समाधान, कृषि के विकास और किसान हितों के प्रति जागरूकता का कार्य करता है।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय संगठन मंत्री महेश चौधरी, प्रांत संगठन मंत्री भारत पटेल, प्रदेश कोषाध्यक्ष नवनीत रघुवंशी, प्रांत प्रचार प्रमुख राहुल दूध, संभाग प्रचार प्रमुख मनोज सक्सेना, भोपाल महानगर अध्यक्ष डॉ. अश्वनी मेहर, महानगर कार्यालय मंत्री गजेंद्र सिंह सराठे एवं जिला संयोजक नंदिनी व्यास दीदी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




