Blog

6 महीने से रुकी वृद्धा पेंशन: बैरसिया के बुजुर्गों का सब्र टूटा, 27  को एसडीएम को सौंपेंगे ज्ञापन

600 की पेंशन के इंतजार में सैकड़ों बुजुर्ग आर्थिक संकट से जूझ रहे, राशि बढ़ाकर 1500 प्रतिमाह करने की भी उठी मांग

बैरसिया। नगर पालिका क्षेत्र के सैकड़ों बुजुर्ग महिला एवं पुरुष पिछले 6 महीनों से वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलने के कारण गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। महज 600 प्रतिमाह की पेंशन पर जीवन-यापन करने वाले अनेक बुजुर्गों के सामने रोजमर्रा के खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया है। लगातार पेंशन बंद रहने से बुजुर्गों में गहरा आक्रोश और निराशा व्याप्त है।
इस गंभीर जनहित के मुद्दे को लेकर वार्ड क्रमांक 13 की पार्षद श्रीमती भाग्यश्री चंचल खत्री ने नगर पालिका के सीएमओ राजेंद्र सक्सेना से चर्चा की। पार्षद के अनुसार, सीएमओ ने बताया कि “ऊपर से ही अभी भुगतान बंद है।” इस जवाब से बुजुर्गों की चिंता और बढ़ गई है।
बुजुर्गों की आवाज़ को प्रशासन तक पहुंचाने के लिए 27 जुलाई को सभी प्रभावित हितग्राहियों के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस दौरान लंबे समय से लंबित पेंशन का तत्काल भुगतान कराने और भविष्य में नियमित रूप से राशि जारी करने की मांग की जाएगी।
पार्षद श्रीमती भाग्यश्री चंचल खत्री ने प्रदेश सरकार और प्रशासन से मांग की है कि वर्तमान महंगाई को देखते हुए वृद्धावस्था पेंशन ₹600 से बढ़ाकर ₹1500 प्रतिमाह की जाए, ताकि बुजुर्ग सम्मान और आत्मसम्मान के साथ अपना जीवन-यापन कर सकें।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही लंबित पेंशन जारी नहीं की गई और बुजुर्गों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो बुजुर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक और उग्र आंदोलन किया जाएगा।
“बुजुर्गों का सम्मान केवल शब्दों से नहीं, बल्कि समय पर मिलने वाली पेंशन और उनके अधिकारों की रक्षा से सुनिश्चित होता है।”

Related Articles