Blog

पुष्पवर्षा के बीच निकली भगवान जगन्नाथ स्वामी की रथयात्रा, जयघोष से गूंजा नगर


रिपोर्टर विनय पटेल
बैरसिया।।जगदीश स्वामी मंदिर समिति के तत्वावधान में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ स्वामी की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। रथयात्रा का शुभारंभ जगदीश स्वामी मंदिर से विधि-विधान के साथ हुआ। इसके बाद रथ नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ पुनः मंदिर पहुंचा, जहां भगवान की पूजा-अर्चना एवं महाप्रसाद (भंडारे) के साथ आयोजन का समापन हुआ।
रथयात्रा का नगर में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। धार्मिक, सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के साथ बड़ी संख्या में नगरवासियों ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर रथयात्रा में सहभागिता निभाई। पूरे मार्ग पर “जय जगन्नाथ” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
रथयात्रा में धर्म ध्वजा लिए घुड़सवार, भगवान जगन्नाथ का रथ खींचते श्रद्धालु, आकर्षक चलित झांकियां, भजन-कीर्तन करती मंडलियां तथा डीजे और ढोल की थाप पर नृत्य करते युवाओं के दल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ रथयात्रा में भाग लिया।
आयोजन में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा एवं बच्चों की उपस्थिति रही। शांतिपूर्ण एवं धार्मिक वातावरण में संपन्न हुई रथयात्रा ने नगर को भक्ति और आस्था के रंग में रंग दिया।
इस अवसर बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी जनता मौजूद थी।

Related Articles