Blog

प्रमुख राजस्व आयुक्त निधि निवेदिता ने किया बैरसिया तहसील का किया निरीक्षण

रिपोर्टर विनय पटेल

बैरसिया।। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत मध्यप्रदेश की प्रमुख राजस्व आयुक्त एवं आयुक्त भू-अभिलेख सुश्री निधि निवेदिता ने भोपाल जिले की बैरसिया तहसील का दौरा कर राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया और विभिन्न राजस्व कार्यों की प्रगति एवं व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख राजस्व आयुक्त ने आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और शिकायतें गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान कुछ शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर आमजन को राहत भी प्रदान की गई।

स्वामित्व योजना में बैरसिया की बड़ी उपलब्धि

वहीं मुख्यमंत्री स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन में बैरसिया तहसील ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। तहसील के ग्राम कीट खेड़ी में योजना के तहत 100 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इसे राजस्व विभाग की उल्लेखनीय प्रगति के रूप में देखा जा रहा है।
प्रमुख राजस्व आयुक्त सुश्री निधि निवेदिता ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक निर्धारित समय-सीमा में पहुंचे। साथ ही राजस्व संबंधी कार्यों के लिए आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाए।
उन्होंने राजस्व अधिकारियों को जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने तथा शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत इस तरह के निरीक्षणों का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और जनहितैषी बनाना है।

Related Articles