कनकबीरा क्षेत्रवासी बिजली बिलों से परेशान, मनमाने बिल आने से मचा हड़कंप

एक माह का बिल किसी-किसी उपभोक्ता को एक लाख रुपये तक, बिजली विभाग के चक्कर काटने को मजबूर ग्रामीण
सारंगढ़। कनकबीरा क्षेत्र में बिजली विभाग की कथित मनमानी और बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। एक ओर जहां गरीब किसान मौसम की मार और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बिजली के अप्रत्याशित बिलों ने आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि वे प्रत्येक माह नियमानुसार अपने बिजली बिल का भुगतान करते आ रहे हैं। इसके बावजूद पिछले कुछ महीनों से अचानक बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। स्थिति इतनी गंभीर बताई जा रही है कि किसी-किसी उपभोक्ता के घर एक माह का बिजली बिल एक लाख रुपये तक पहुंच रहा है।
इतनी बड़ी राशि का बिल देखकर उपभोक्ता हैरान और परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली बिलों में गड़बड़ी की शिकायत लेकर वे बार-बार बिजली विभाग के कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का संतोषजनक समाधान नहीं हो पा रहा है।
ग्रामीणों ने उठाई जांच और सुधार की मांग
कनकबीरा क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि पिछले कुछ महीनों में जारी किए गए बिजली बिलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। मीटर रीडिंग, बिलिंग प्रक्रिया और अचानक बढ़े हुए बिलों की तकनीकी जांच कराकर वास्तविक खपत के आधार पर संशोधित बिल जारी किए जाएं।
अब देखना यह होगा कि बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हैं और कब तक उपभोक्ताओं को राहत मिलती है।
सवाल यह है कि जब उपभोक्ता नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान कर रहे हैं, तो अचानक एक माह में एक लाख रुपये तक का बिल कैसे पहुंच रहा है? क्या विभाग इसकी जांच कर उपभोक्ताओं को राहत देगा?




