सक्ति

देवउठनी एकादशी व तुलसी विवाह के उत्साह पर बेमौसम बारिश का साया

लाइव भारत 36न्यूज़ से जिला रिपोर्टर



अनवरत बारिश ने बिगाड़ा ‘कुशियार तिहार’ का रंग, खेतों से लेकर बाजार तक निराशा का मंजर : अधिवक्ता चितरंजय पटेल

सक्ती/बिलासपुर। कार्तिक शुक्ल पक्ष की देवउठनी (प्रबोधिनी) एकादशी के पावन अवसर पर जहां एक ओर सनातन धर्म में मांगलिक कार्यों की शुरुआत और तुलसी विवाह को लेकर खासा उत्साह रहता है, वहीं इस बार हो रही बेमौसम व अनवरत बारिश ने त्योहार की रौनक को फीका कर दिया है।
हिंदू जागरण मंच के जिला प्रमुख एवं उच्च न्यायालय के अधिवक्ता चितरंजय पटेल ने प्रदेशवासियों को देवउठनी एकादशी की शुभकामनाएं देते हुए मौसम की मार पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि सनातनी परंपरा के अनुसार कार्तिक मास की शुक्ल एकादशी को घर-घर में कुशियार (गन्ने) का मंडप सजाकर माता तुलसी (वृंदा) और भगवान विष्णु (शालिग्राम) का विवाहोत्सव धूमधाम से मनाया जाता है। लेकिन लगातार हो रही आफत की बारिश ने ‘कुशियार तिहार’ का पूरा मजा किरकिरा कर दिया है। बारिश के कारण खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका से किसान चिंतित हैं, तो वहीं त्योहार के बावजूद बाजारों और दुकानों में सन्नाटा व निराशा का मंजर देखने को मिल रहा है।
देवउठनी एकादशी और तुलसी विवाह का पौराणिक महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल एकादशी से चार माह के चातुर्मास शयन के बाद कार्तिक शुक्ल एकादशी को भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागते हैं। इस दिन से ही विवाह, मुंडन और गृह प्रवेश जैसे सभी मांगलिक कार्यों का शुभारंभ होता है। पौराणिक कथा के अनुसार, माता लक्ष्मी के आग्रह पर सृष्टि में विश्राम की व्यवस्था बनाए रखने के लिए भगवान विष्णु ने चातुर्मास शयन की परंपरा प्रारंभ की थी।
वहीं, तुलसी विवाह के पीछे पतिव्रता वृंदा और दैत्यराज जालंधर की कथा प्रचलित है। वृंदा के सतीत्व के कारण जालंधर अजेय हो गया था। देवताओं की रक्षा हेतु भगवान विष्णु ने जालंधर का रूप धारण कर वृंदा का सतीत्व भंग किया, जिसके बाद भगवान शिव ने जालंधर का वध किया। सत्य ज्ञात होने पर क्रोधित वृंदा ने भगवान विष्णु को पत्थर (शालिग्राम) बनने का श्राप देकर आत्मदाह कर लिया। उनकी भस्म से उत्पन्न पवित्र पौधे को भगवान विष्णु ने ‘तुलसी’ नाम दिया और वरदान दिया कि शालिग्राम रूप में उनकी पूजा बिना तुलसी दल के अधूरी मानी जाएगी। तभी से देवउठनी एकादशी पर शालिग्राम और तुलसी विवाह की परंपरा चली आ रही है।

Related Articles