सक्ति

सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित हुआ ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम
बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाना ही सबसे बड़ी सेवा अधिवक्ता चितरंजय पटेल

लाइव भारत 36न्यूज़ से जिला रिपोर्टर की रिपोर्ट
सक्ती। छत्तीसगढ़ में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अग्रसेन वार्ड क्रमांक 13 के आंगनबाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय आयोग (विधि) के प्रदेश अध्यक्ष एवं उच्च न्यायालय अधिवक्ता चितरंजय पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।


इस अवसर पर अधिवक्ता चितरंजय पटेल ने कहा, “ना ये धरती, ना ये आसमान चाहिए, ना कोई खुशियों की दुकान चाहिए, खुदा से छोटी सी ख्वाहिश है, इन बच्चों के चेहरों पर प्यारी सी मुस्कान चाहिए।” उन्होंने कहा कि ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को सेवा, पोषण, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और जनसंवाद के जीवंत केंद्र के रूप में विकसित करना है। उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास में परिवार, समाज और आंगनबाड़ी केंद्रों की सामूहिक भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।


कार्यक्रम के दौरान चितरंजय पटेल ने परिवार सहित आंगनबाड़ी के बच्चों के साथ केक काटकर महामना पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाई। बच्चों के बीच केक वितरण और इस आत्मीय आयोजन से खुशी का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में उपस्थित बूथ अध्यक्ष कमल अग्रवाल ने आंगनबाड़ी के बच्चों को निःशुल्क ड्रेस वितरित की। उन्होंने संकल्प लिया कि भविष्य में वे अपने एवं अपने परिजनों तथा इष्ट-मित्रों के जन्मदिन जैसे अवसरों को इन मासूम बच्चों के साथ आंगनबाड़ी केंद्र में मनाएंगे।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि पद्मिनी चितरंजय पटेल ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को प्रारंभिक अवस्था से ही भारतीय संस्कृति, परंपरा और संस्कारों का परिचय कराया जाना चाहिए।
महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक भावना नेताम ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला तथा उपस्थित अतिथियों के साथ अभिभावकों को सुपोषण हेतु शपथ दिलाया तो वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शशि ने आगंतुक अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी केंद्र की गतिविधियों में सहयोग एवं सहभागिता का सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शशि एवं सहायिका लता सोनी को श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। महतारी वंदन योजना की राशि का उपयोग स्वयं एवं बच्चों के पोषण के लिए करने वाली माता वर्षा देवांगन तथा स्वस्थ शिशु को जन्म देने वाली माता रूपा यादव का भी अभिनंदन किया गया।
वहीं पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रभा बरेठ एवं वर्षा देवांगन को पपीता एवं नीम के पौधे भेंट किए गए। बच्चों में पढ़ने की रुचि विकसित करने के लिए तुलसी यादव, अंजली प्रधान एवं दीपिका सोनी को पंचतंत्र की कहानी की पुस्तकें प्रदान की गईं।
अंग्रेजी में परिचय और पोयम सुनाकर बच्चों ने चौंकाया
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों ने अतिथियों के सामने अंग्रेजी में अपना परिचय देने के साथ ही इंग्लिश पोयम भी सुनाई। बच्चों की प्रस्तुति देखकर उनके परिजनों एवं अतिथियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। उपस्थित लोगों ने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के शैक्षणिक एवं भाषाई विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि यदि आंगनबाड़ी केंद्रों को समाज और परिवार का सहयोग मिले तो वे केवल पोषण वितरण के केंद्र न रहकर बच्चों के प्रारंभिक शिक्षा, संस्कार, स्वास्थ्य और व्यक्तित्व विकास के प्रभावी केंद्र बन सकते हैं।

Related Articles