वंदे मातरम् के 150 वर्ष पर भव्य सामूहिक गायन400 स्वरों में गूंजा ‘वंदे मातरम्’, राष्ट्रभक्ति से सराबोर हुआ विद्या विहार

एक समय, एक लय, एक स्वर में हुआ संपूर्ण राष्ट्रगीत का गायन; ‘नमामि भारतम्’ अभियान के तहत देशभर के साथ बैरसिया में भी दिखा देशप्रेम का उत्साह
रिपोर्टर विनय पटेल
बैरसिया।।सुबह 11 बजे जैसे ही ‘वंदे मातरम्’ के स्वर उठे, विद्या विहार विद्यालय का पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा। करीब 400 विद्यार्थियों, आचार्यों, अभिभावकों और नागरिकों ने एक साथ, एक लय और एक स्वर में संपूर्ण राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया। अवसर था राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने का, जिसके उपलक्ष्य में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के आह्वान पर देशभर में चल रहे ‘नमामि भारतम्’ अभियान के तहत सरस्वती विद्या मंदिर विद्या विहार, नरेला, बैरसिया में भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन से हुई। इसके बाद विद्यालय के भैया-बहिनों, आचार्य परिवार, अभिभावकों और उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया। सैकड़ों कंठों से निकला ‘वंदे मातरम्’ का स्वर पूरे परिसर में गूंजता रहा और वातावरण में राष्ट्रप्रेम, एकता और गौरव का भाव दिखाई दिया।

एक साथ उठे 400 कंठ, गूंजा भारत माता का जयघोष
इस आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि करीब 400 लोगों ने एक साथ राष्ट्रगीत का गायन किया। विद्यार्थियों के साथ आचार्य, अभिभावक और नागरिक भी इस ऐतिहासिक अवसर के सहभागी बने। ‘एक समय, एक लय, एक स्वर’ की भावना ने पूरे आयोजन को विशेष बना दिया।
वंदे मातरम देश की मिट्टी के प्रति श्रद्धा का स्वर
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अध्यक्ष अर्जुन शिक्षा समिति राजीव शर्मा ने कहा कि वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं बल्कि भारत भूमि के प्रति श्रद्धा सम्मान एवं राष्ट्र भावना की अभिव्यक्ति हे। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को देश के गौरव शाली इतिहास संस्कृति और विरासती जोड़ने का माध्यम बनते हे।
अतिथियों की गरिमामयी मौजूदगी
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गोविंदराम सिंह गुर्जर, अध्यक्ष, कुंवर अर्जुन सिंह स्मृति न्यास, बैरसिया रहे। विशेष अतिथि हरिनारायण मिश्रा, प्राचार्य, शासकीय ठाकुर लालसिंह हायर सेकेंडरी स्कूल, बैरसिया उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता राजीव शर्मा, अध्यक्ष, अर्जुन शिक्षा समिति, बैरसिया ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।इस अवसर पर राजेंद्र शर्मा, अध्यक्ष, पत्रकार संघ बैरसिया, कैलाश ठाकुर, सचिव, कुंवर अर्जुन सिंह स्मृति न्यास एवं समाजसेवी दीपक दुबे सचिव अर्जुन शिक्षा समिति सहित अर्जुन शिक्षा समिति के पदाधिकारी, कुंवर अर्जुन सिंह स्मृति न्यास के पदाधिकारी एवं साधारण सभा सदस्य, पूर्व छात्र, पूर्व आचार्य, अभिभावक, आचार्य परिवार और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
विद्यालय के प्राचार्य सुनील कुमार नागर ने कहा कि ‘नमामि भारतम्’ अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज में राष्ट्रभाव, राष्ट्रीय एकता तथा अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने आयोजन में सहभागिता के लिए सभी अतिथियों, अभिभावकों, आचार्यों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
अंतिम स्वर तक बना रहा राष्ट्रभक्ति का माहौल
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और अनुशासन का अनूठा संगम देखने को मिला। विद्यार्थियों से लेकर अभिभावकों तक सभी ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम का सफल संचालन अर्जुन शिक्षा समिति के सचिव एवं नगर के वरिष्ठ समाज सेवी दीपक दुबे ने किया।आभार विद्यालय के आचार्य त्यागी जी ने व्यक्त किया।




