ग्राम पंचायत सचिवों ने 15दिन मे काम न होने पर दी हड़ताल की चेतावनी भदोरिया

रिपोर्टर विनय पटेल
बैरसिया जनपद में व्यवस्था पर उठे सवाल, बार-बार आश्वासन के बाद भी नहीं हुआ संधारण 15 दिन का अल्टीमेटम, कार्रवाई नहीं तो हड़ताल की चेतावनी
ग्राम पंचायतों में सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक कामकाज की जिम्मेदारी संभालने वाले पंचायत सचिवों की अपनी ही सेवा पुस्तिकाएं वर्षों से संधारित नहीं हो पाना व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। म.प्र. पंचायत सचिव संगठन भोपाल बैरसिया ने इस मामले को लेकर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
संगठन अध्यक्ष बृजेश सिंह भदौरिया का कहना है कि ग्राम पंचायत सचिवों की सेवा पुस्तिकाएं पिछले कई वर्षों से संधारित नहीं हुई हैं। सचिवों द्वारा इस संबंध में अधिकारियों से कई बार मौखिक चर्चा की गई। हर बार जल्द कार्रवाई का आश्वासन मिलता रहा, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।
संगठन ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि सेवा पुस्तिका के संधारण को लेकर कई बार चर्चा के बावजूद कार्रवाई नहीं हो सकी। अब सचिव संगठन ने 15 दिवस की समयसीमा देते हुए सेवा पुस्तिकाओं का संधारण शीघ्र कराने की मांग की है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित अवधि में सेवा पुस्तिकाओं का संधारण नहीं कराया गया तो हड़ताल करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।

*सवाल जो व्यवस्था से है – वर्षों से सेवा पुस्तिकाएं अपडेट क्यों नहीं हुईं
बार-बार मौखिक शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों ने कार्रवाई क्यों नहीं की कर्मचारियों के महत्वपूर्ण सेवा रिकॉर्ड के रखरखाव की जिम्मेदारी किसकी है क्या हर समस्या के समाधान के लिए कर्मचारियों को आंदोलन और हड़ताल की चेतावनी देनी पड़ेगी
अब देखना यह है कि संगठन के 15 दिन के अल्टीमेटम के बाद जनपद पंचायत प्रशासन इस लंबित मामले का निराकरण करता है या एक बार फिर आश्वासन देकर मामले को आगे बढ़ा दिया जाता है




