बैरसिया में मानव सेवा की मिसाल: लायंस क्लब के 79वें निःशुल्क नेत्र शिविर में उमड़ी भीड़, 213 लोगों की हुई जांच

रिपोर्टर विनय पटेल
बैरसिया।। सेवा ही संकल्प है इसी भावना के साथ लायंस क्लब बैरसिया द्वारा लगातार जनसेवा के कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार को लायंस क्लब बैरसिया, सत्य समाज शाखा बैरसिया एवं सतगुरु सेवा संघ ट्रस्ट आनंदपुर के संयुक्त तत्वावधान में 79वें मासिक निःशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
नगर के सत्यार मंदिर पर आयोजित इस शिविर में सुबह से ही मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। शहर के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों से भी बड़ी संख्या में लोग अपनी आंखों और स्वास्थ्य की जांच कराने पहुंचे।

88 मरीजों का होगा निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन
शिविर को लेकर जानकारी देते हुए लायंस क्लब बैरसिया के सचिव लायन दीपक दुबे ने बताया कि शिविर में कुल 213 मरीजों का पंजीयन कर उनकी जांच की गई। अनुभवी चिकित्सकों द्वारा बारीकी से नेत्र परीक्षण किया गया, जिसमें 88 मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई। इन सभी 88 मरीजों को निःशुल्क ऑपरेशन के लिए सतगुरु संकल्प नेत्र चिकित्सालय, आनंदपुर के लिए रेफर किया गया है, जहां आने-जाने, रहने-खाने और ऑपरेशन की संपूर्ण व्यवस्था निःशुल्क रहेगी।
इसके अलावा शिविर में 48 जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए और 132 मरीजों को निःशुल्क दवाइयां दी गईं।
स्वास्थ्य परीक्षण में 23 को शुगर, 16 को बीपी मिला
शिविर में सिर्फ आंखों की ही नहीं, बल्कि संपूर्ण स्वास्थ्य की जांच भी की गई। शिविर में होम्योपैथी विशेषज्ञों द्वारा परामर्श एवं निःशुल्क होम्योपैथिक दवाइयां दी गईं। साथ ही सभी मरीजों का ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर भी चेक किया गया। जांच में 23 मरीजों में शुगर की मात्रा अधिक पाई गई, जबकि 16 मरीज बीपी की समस्या से ग्रसित मिले। जिन्हें उचित परामर्श देकर नियमित दवा लेने की सलाह दी गई।




