15 सितंबर को किसानों की नया यात्रा महारैली, गांव-गांव पहुंच रहे कार्यकर्ता, जुटा रहे किसान

रिपोर्टर विनय पटेल
भोपाल/बैरसिया। 15 सितंबर को प्रस्तावित किसानों की महारैली को लेकर भारतीय किसान संघ मध्यभारत प्रांत ने गांव-गांव जनसंपर्क तेज कर दिया है। कार्यकर्ता किसानों को पीले चावल देकर रैली में शामिल होने का न्योता दे रहे हैं। पिछले सात दिनों में क्षेत्र के करीब 40 गांवों में संपर्क किया जा चुका है।

रैली में नजीराबाद, फंदा, बैरसिया क्षेत्र के किसानों की मुख्य मांगें उठाई जाएंगी – लंबित फसल बीमा 2024-25 का भुगतान, वर्तमान में सोयाबीन में प्राकृतिक आपदा पीला मोजेक से हुए नुकसान की भरपाई एवं क्लेम, सोयाबीन की समर्थन मूल्य पर शत-प्रतिशत खरीदी सुनिश्चित की जाए या लागत के आधार पर लाभकारी मूल्य/भावांतर दिया जाए, एवं खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही अतिवृष्टि से हुए नुकसान का मुआवजा सहित किसानों की अन्य मांगें भी उठाई जाएंगी।
रैली के बाद जिला मुख्यालय पर एकत्र होकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
जिला अध्यक्ष गिरवर सिंह राजपूत व जिला मंत्री देवेंद्र दांगी ने बताया कि कार्यकर्ता व्यक्तिगत रूप से किसानों से संपर्क कर रहे हैं। रैली को व्यापक रूप देने के लिए गांव गांव ट्रैक्टरों की सूची भी तैयार की जा रही है। इसमें ट्रैक्टर मालिक का नाम, गांव व मोबाइल नंबर दर्ज किए जा रहे हैं। इसके लिए गांवों में बैठक भी की जा रही है। पदाधिकारियों के अनुसार किसानों में रैली को लेकर उत्साह है। अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।




