जिला बलौदाबाजार

कसडोल में 520 खिलाड़ियों के महासंगम से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता शुरू



लाइव भारत 36न्यूज़ से धीरेन्द्र साहू



8 से 11 सितंबर तक चलने वाली इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग संभागों से आए 520 से अधिक युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे

रायपुर :- बलौदाबाजार जिले के कसडोल में मंगलवार 8 सितम्बर से खेल प्रतिभाओं का बड़ा मंच सज गया है। 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य शुभारंभ इंडोर स्टेडियम हॉल में किया गया। 8 से 11 सितंबर तक चलने वाली इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग संभागों से आए 520 से अधिक युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

पांच संभागों के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
प्रतियोगिता में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, जगदलपुर और सरगुजा संभाग के खिलाड़ी शामिल हुए हैं। खेल मैदान में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह नजर आ रहा है।

रग्बी, गतका और फेंसिंग में दिखेगा जोश
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रग्बी, गतका और फेंसिंग जैसी खेल विधाओं को शामिल किया गया है। रग्बी के 19 वर्ष आयु वर्ग में बालक-बालिकाएं हिस्सा ले रहे हैं, जबकि गतका और फेंसिंग में 17 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी अपनी चुनौती पेश कर रहे हैं।

प्रतियोगिता में 260 बालक और 260 बालिकाओं सहित कुल 520 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। खिलाड़ियों के साथ करीब 100 कोच और टीम मैनेजर भी कसडोल पहुंचे हैं।



विधायक संदीप साहू रहे मुख्य अतिथि
उद्घाटन समारोह में कसडोल विधायक संदीप साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

कौशल्या देवी साय ने खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कौशल्या देवी साय ने कहा कि गुरु घासीदास जी की तपोभूमि और लव-कुश की जन्मभूमि कसडोल में राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन गौरव की बात है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे पूरी मेहनत और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लें और अपने शानदार प्रदर्शन से छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें।

चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में अब खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर सबकी नजरें टिकी हैं। मैदान में युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, मेहनत और जज्बे के दम पर राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए पूरी ताकत झोंकेंगे।

Related Articles